राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय,अमेठी के विद्यार्थियों ने एक माह का इंटर्नशिप प्रशिक्षण किया पूर्ण
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।राजीव गांधी राष्ट्रीय विमानन विश्वविद्यालय, अमेठी (उत्तर प्रदेश) के 12 विद्यार्थियों ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, अयोध्याधाम में 01 जून 2026 से 30 जून 2026 तक आयोजित एक माह का इंटर्नशिप प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूर्ण किया।इंटर्नशिप के दौरान विद्यार्थियों को एयरपोर्ट के विभिन्न विभागों जैसे सिविल, इलेक्ट्रिकल, प्रचालन, सीएनएस, एटीसी, कमर्शियल तथा अन्य महत्वपूर्ण विभागों की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त उन्हें एयरपोर्ट पर कार्यरत विभिन्न एयरलाइंस, सीआईएसएफ तथा अन्य हितधारकों के कार्यों एवं विमानन क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने एयरपोर्ट संचालन, यात्री सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था तथा विभिन्न विभागों के समन्वित कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।साथ ही उन्हें विमानन उद्योग के व्यावहारिक पहलुओं को निकटता से समझने का अवसर भी मिला, जिससे उनके ज्ञान, कौशल एवं व्यावसायिक दृष्टिकोण का विकास हुआ।
इंटर्नशिप कार्यक्रम के समापन अवसर पर 30 जून 2026 को विमानपत्तन निदेशक धीरेंद्र सिंह ने सभी 12 विद्यार्थियों को इंटर्नशिप सफलतापूर्वक पूर्ण करने पर प्रमाण-पत्र प्रदान किए।इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण विद्यार्थियों के ज्ञान, कौशल एवं आत्मविश्वास को सुदृढ़ करता है तथा उन्हें विमानन उद्योग की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का उत्कृष्ट अवसर प्रदान करता है।विद्यार्थियों ने भी अयोध्या एयरपोर्ट पर प्राप्त प्रशिक्षण एवं अनुभव को अपने शैक्षणिक एवं व्यावसायिक जीवन के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए एयरपोर्ट प्रशासन तथा सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।अयोध्या एयरपोर्ट प्रशासन भविष्य में भी शैक्षणिक संस्थानों के साथ इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से भावी विमानन पेशेवरों को गुणवत्तापूर्ण व्यावहारिक अनुभव उपलब्ध कराने हेतु निरंतर प्रयासरत रहेगा।अयोध्या एयरपोर्ट विद्यार्थियों के कौशल उन्नयन एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के लिए सदैव तत्पर एवं स्वागतशील है। एयरपोर्ट प्रशासन देश के विभिन्न महाविद्यालयों, विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ उठाने के लिए आमंत्रित करता है,जिससे उन्हें विमानन क्षेत्र की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने, अपने ज्ञान एवं कौशल को विकसित करने तथा भविष्य के लिए बेहतर व्यावसायिक अवसर प्राप्त करने में सहायता मिल
सके।

