(रायपुर) विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर कलेक्टर-एसपी ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों की ली बैठक
रायपुर,21 सितंबर (आरएनएस)। विदेशी विद्यार्थियों की सुरक्षा, शैक्षणिक वातावरण और कानून-व्यवस्था से जुड़े विषयों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में कलेक्टर रायपुर डॉ. गौरव कुमार सिंह एवं पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा ने जिले के विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों के कुलपतियों तथा प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। बैठक में विदेशी विद्यार्थियों के सुरक्षित आवास, संस्थानों की जिम्मेदारी तथा प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में अधिकारियों ने कहा कि विदेशी विद्यार्थियों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। विश्वविद्यालयों को विदेशी विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, अनुशासित एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षित आवास की व्यवस्था के निर्देश
विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को विदेशी विद्यार्थियों के आवास और आवागमन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। वर्तमान में छात्रावास से बाहर निजी मकान, पीजी या अन्य स्थानों पर रह रहे विदेशी विद्यार्थियों को अगले 15 से 30 दिनों के भीतर संस्थान द्वारा उपलब्ध अथवा संस्थान से संबद्ध सुरक्षित छात्रावास में स्थानांतरित करने की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि विद्यार्थियों की सुविधा, सुरक्षा और स्थानीय परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संस्थान आवश्यक कार्ययोजना तैयार करें।
शिकायतों पर निगरानी और काउंसलिंग पर जोर
बैठक में अप्रिय घटना अथवा कानून-विरोधी गतिविधियों की संभावनाओं को पहले से चिन्हित कर आवश्यक निरोधात्मक कदम उठाने पर जोर दिया गया। प्रशासन एवं पुलिस को विदेशी विद्यार्थियों से संबंधित शिकायतें और सूचनाएं मिलने का उल्लेख करते हुए संस्थानों को प्रभावी निगरानी, काउंसलिंग एवं अनुशासन व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी विद्यार्थी के विरुद्ध केवल उसकी राष्ट्रीयता के आधार पर कार्रवाई नहीं की जाएगी। कानून का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विदेशी विद्यार्थियों को स्थानीय कानूनों की जानकारी देने के निर्देश
बैठक में कहा गया कि अलग-अलग देशों से आने वाले विद्यार्थियों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक पृष्ठभूमि अलग हो सकती है। ऐसे में विश्वविद्यालयों को भारतीय कानून, स्थानीय सामाजिक व्यवहार, रीति-रिवाज, सार्वजनिक आचरण और स्थानीय संवेदनशीलताओं की जानकारी विद्यार्थियों को देनी चाहिए।
विश्वविद्यालय प्रशासन को नियमित ओरिएंटेशन एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिए गए। इनमें आपातकालीन संपर्क नंबर, पुलिस सहायता, यातायात नियम, साइबर सुरक्षा, नशीले पदार्थों से बचाव और कानून-विरोधी गतिविधियों से दूर रहने संबंधी जानकारी देने को कहा गया।
विदेशी विद्यार्थियों की जानकारी प्रशासन से साझा करने के निर्देश
सभी विश्वविद्यालयों एवं शैक्षणिक संस्थानों को विदेशी विद्यार्थियों की अद्यतन एवं सत्यापित जानकारी व्यवस्थित रूप से संधारित करने और आवश्यकतानुसार जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ साझा करने के निर्देश दिए गए।
रिकॉर्ड में विद्यार्थियों की संख्या, देश, पाठ्यक्रम, प्रवेश की स्थिति, छात्रावास अथवा आवास का विवरण और आवश्यक संपर्क जानकारी को अद्यतन रखने पर जोर दिया गया। विद्यार्थियों के भारत आगमन से लेकर अध्ययन अवधि एवं आवास से संबंधित आवश्यक जानकारी का रिकॉर्ड रखने तथा महत्वपूर्ण बदलाव की सूचना प्रशासन को समय पर देने के निर्देश भी दिए गए।
स्थानीय नागरिकों से सहयोग की अपील
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने विश्वविद्यालय प्रबंधन, विदेशी विद्यार्थियों और स्थानीय नागरिकों से रायपुर को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि विश्वविद्यालय प्रबंधन, विद्यार्थी, अभिभावक और स्थानीय समाज के समन्वित प्रयास से ही सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
०००

