*लखनऊ पब्लिक कॉलेज ए-ब्लॉक राजाजीपुरम ने CISCE क्षेत्रीय कबड्डी टूर्नामेंट, 2026 (बालक वर्ग) की मेजबानी की*
लखनऊ पब्लिक कॉलेज, ए-ब्लॉक, राजाजीपुरम ने CISCE (उत्तर प्रदेश) क्षेत्रीय कबड्डी टूर्नामेंट 2026 (बालक वर्ग) के समापन समारोह की सफलतापूर्वक मेजबानी की। समारोह का आयोजन बड़े उत्साह और भव्यता के साथ किया गया।
इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में लखनऊ पब्लिक स्कूल्स एंड कॉलेजेज के संस्थापक तथा अध्यक्ष एवं वर्तमान सांसद डॉ. एस. पी. सिंह तथा
श्री डेविड सिरिल, क्षेत्रीय खेल समन्वयक, CISCE (उत्तर प्रदेश) ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। वहीं विशिष्ट अतिथियों के रूप में श्री सचिन देशमुख, दूरदर्शी नेतृत्वकर्ता, शिक्षाविद्, उद्योगपति एवं समाज सुधारक तथा श्री दीपक देशमुख, वी.एम.डी. अध्यक्ष पार्ली ने अपनी सौहार्द्रपूर्ण उपस्थिति दर्ज कराई।
टूर्नामेंट के अधिकारियों, टीम प्रबंधकों और प्रशिक्षकों को कृतज्ञता एवं सम्मान के प्रतीक के रूप में शिशु- तरु और स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
अपने संबोधन में दोनों गणमान्य अतिथियों ने विजेता टीमों को बधाई दी और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
डॉ. एस. पी. सिंह ने खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उत्साहित किया। साथ ही अपने प्रेरक वक्तव्य में व्यक्तिगत अनुभवों को साझा करते हुए “स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मस्तिष्क का निवास होता है” की भावना पर बल दिया।
श्री डेविड सिरिल ने सभी टीमों द्वारा प्रदर्शित अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा की तथा उत्तर प्रदेश में खेलों को बढ़ावा देने के अपने दृष्टिकोण को दोहराया। उन्होंने टूर्नामेंट के सुचारू एवं सफल आयोजन के लिए आयोजकों को भी बधाई दी।
सभा को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्या श्रीमती भारती गोसाईं ने सभी प्रतिभागियों को बधाई दी तथा विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में अनुशासन, टीम भावना और खेल भावना के महत्त्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने प्रतिभागी टीमों के प्रधानाचार्यों को उनके सहयोग और समर्थन के लिए धन्यवाद दिया, जिससे यह आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हो सका।
यह प्रतियोगिता 6 अगस्त से 8 अगस्त, 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें पूरे उत्तर प्रदेश से कुल 37 टीमों ने भाग लिया। विद्यालय को सभी प्रतिभागी टीमों के लिए आवास एवं भोजन की व्यवस्था करने का गौरव प्राप्त हुआ। इस संपूर्ण आयोजन के दौरान खिलाड़ियों और टीम के सदस्यों की आराम एवं सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए अतिथि देवो भव की परंपरा का पालन सुचारू रूप सेकिया गया।
*अंडर-14 बालक वर्ग*
* गाजियाबाद ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
* लखनऊ साउथ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
* वाराणसी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*अंडर-17 बालक वर्ग*
* गाजियाबाद ने एक बार फिर प्रथम स्थान प्राप्त किया।
* लखनऊ साउथ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
* कानपुर साउथ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
*अंडर-19 बालक वर्ग*
* वाराणसी विजेता रहा।
* कानपुर साउथ ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया।
* प्रयागराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
सभी विजेता एवं पदक विजेता टीमों को काउंसिल द्वारा प्रदान किए गए पदक एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय प्रबंधन अपने समग्र शिक्षा के दृष्टिकोण को निरंतर आगे बढ़ा रहा है तथा विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है, ताकि वे सर्वांगीण विकास कर देश के कुशल नागरिक बन सकें।

