शिक्षकों की समस्याओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता पर हुई व्यापक चर्चा

शिक्षकों की समस्याओं एवं शिक्षा की गुणवत्ता पर हुई व्यापक चर्चा

 

ब्यूरो चीफ आर एल पाण्डेय

 

लखनऊ। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा आयोजित ग्रीष्मकालीन शैक्षिक संगोष्ठी एवं वित्तविहीन शिक्षकों की समस्याओं के समाधानार्थ वेतन निर्धारण कार्यशाला का आयोजन सोमवार को विश्वहरैया सभागार में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता संघ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रीता चौधरी ने की।

 

कार्यशाला के मुख्य अतिथि माननीय लाल बिहारी यादव, सदस्य, वित्तविहीन वेतन परिषद एवं नेता प्रतिपक्ष, विधान परिषद, उत्तर प्रदेश रहे। कार्यक्रम में शिक्षा की गुणवत्ता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार तथा वित्तविहीन शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेष रूप से शिक्षकों के मानदेय, सेवा सुरक्षा, पुरानी पेंशन योजना तथा सहायता प्राप्त विद्यालयों के शिक्षकों से जुड़े मुद्दे प्रमुख रूप से उठाए गए।

 

अपने संबोधन में श्री लाल बिहारी यादव ने कहा कि शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के आगामी चुनाव शिक्षकों के अधिकारों और सम्मान की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने शिक्षकों से अधिकाधिक संख्या में भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया ताकि शिक्षक समाज की समस्याओं को प्रभावी ढंग से सदन में उठाया जा सके। उन्होंने वित्तविहीन शिक्षकों के लिए सम्मानजनक मानदेय, सेवा नियमावली के संरक्षण तथा चिकित्सीय सुविधाओं की व्यवस्था हेतु निरंतर प्रयासरत रहने का आश्वासन दिया।

 

उन्होंने कहा कि शिक्षकों की सेवाओं को सुरक्षित बनाए जाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संगठन निरंतर संघर्ष कर रहा है। साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में पूर्व में किए गए कार्यों एवं शिक्षकों को प्रदान की गई सुविधाओं का भी उल्लेख किया।

 

संगोष्ठी को समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री नरेश उत्तम पटेल, सांसद फतेहपुर सहित विभिन्न शिक्षक विधायक प्रत्याशियों एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष सीताराम यादव, रामबरन यादव, मुमताज अली सहित प्रदेश एवं जनपद स्तर के अनेक पदाधिकारी, शिक्षक प्रतिनिधि एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे।

 

कार्यक्रम के अंत में अध्यक्षता कर रहीं श्रीमती रीता चौधरी ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों एवं शिक्षकों का आभार व्यक्त किया तथा सभा के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के समापन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *