स्कूल वैन खाई में पलटी, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल; गंभीर रूप से घायल एक छात्र प्रयागराज रेफर, चालक की लापरवाही का आरोप

स्कूल वैन खाई में पलटी, एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल; गंभीर रूप से घायल एक छात्र प्रयागराज रेफर, चालक की लापरवाही का आरोप

जौनपुर,29 जुलाई। सुजानगंज थाना क्षेत्र के बेलवार स्थित एस.एस. पब्लिक स्कूल की वैन बुधवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक बच्चे घायल हो गए, जबकि एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे प्रयागराज रेफर किया गया। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय ग्रामीणों ने राहत एवं बचाव कार्य चलाकर बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला।
स्कूल की वैन क्षेत्र के शिवरिया, बालामऊ और कुन्दहा गांवों से बच्चों को लेकर विद्यालय आ रही थी। बेलवार के पास एक मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे वैन सड़क किनारे खंदक में पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन में करीब 18 से 20 बच्चे सवार थे, जबकि उसकी क्षमता 8 से 10 बच्चों की बताई जा रही है। इससे चालक की लापरवाही और ओवरलोडिंग के आरोप भी सामने आए हैं।
सूचना मिलते ही सुजानगंज पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सुजानगंज भेजा गया। गंभीर रूप से घायल पांच वर्षीय अभी यादव पुत्र कल्लू यादव को एंबुलेंस उपलब्ध न होने के कारण थाना प्रभारी अमित कुमार पाण्डेय स्वयं सरकारी वाहन से उपचार के लिए प्रयागराज लेकर रवाना हुए। वहीं, वैन में सवार शिक्षिका संध्या यादव तथा छात्रा श्रेजा यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत कश्यप ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
दुर्घटना में घायल बच्चों में श्रेजा यादव, अक्षरा यादव, अनन्या यादव, सान्वी यादव, सुहानी, उन्नति यादव और आयुषी यादव सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल हैं, जिनका उपचार किया जा रहा है।
हादसे के बाद अभिभावकों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि कई निजी विद्यालयों की गाड़ियों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जाती है और क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर उनकी जान जोखिम में डाली जाती है।इस मामले में जानकारी लेने पर थाना प्रभारी अमित कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी है। वाहन की फिटनेस, क्षमता, परमिट तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की जा रही है। नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित चालक और विद्यालय प्रबंधन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घायल बच्चों का इलाज चल रहा है एक बच्चा गंभीर रूप से घायल है इसे प्रयागराज में भर्ती कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *