अयोध्या में आज जुटेंगी 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सीएम योगी करेंगे सम्मान

अयोध्या में आज जुटेंगी 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां, सीएम योगी करेंगे सम्मान
-जीआईसी मैदान में होगा राज्यस्तरीय समारोह,  अयोध्या से प्रदेशभर में होगा कार्यक्रम का लाइव प्रसारण
– सीएम योगी के आगमन को लेकर सुरक्षा चाक- चौबंद, कैंट से धाम तक लागू रहेगा रूट डायवर्जन
-सम्मेलन के बाद हनुमानगढ़ी व  राम मंदिर पहुंचेंगे सीएम, रामलला का करेंगे दर्शन-पूजन
अयोध्या। अयोध्या में मंगलवार को आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं का सम्मान समारोह आयोजित करेंगे। राजकीय इंटर कालेज के मैदान में आयोजित राज्यस्तरीय मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहेंगे। वह कार्यकत्रियों का सम्मान भी करेंगे। अयोध्या मंडल की करीब 12 से 15 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियां इस कार्यक्रम में मौजूद रहेंगी। प्रदेश के सभी जिलों में इसका लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि यह कार्यक्रम महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़ी कार्यकर्त्रियों व सहायिकाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। इसमें विभागीय मंत्री तथा जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। राशन वितरण का कार्य देख रही स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) की महिलाएं भी इसमें भाग लेंगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश के हर जिले में समानांतर कार्यक्रम होंगे, लेकिन मुख्य समारोह मुख्यमंत्री की उपस्थिति में अयोध्या में ही संपन्न होगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीडीओ कृष्ण कुमार सिंह की निगरानी में सारी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कल करीब तीन घंटे अयोध्या में रहेंगे। दोपहर 2.50 बजे वे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के सम्मान समारोह के साथ ही संबोधित करेंगे। शाम 4 बजे तक जीआईसी मैदान में रहने के बाद वे हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। वहां से पहले हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करेंगे, उसके बाद राम मंदिर पहुंचकर रामलला का दर्शन-पूजन करेंगे। शाम करीब 5 बजे हेलीकॉप्टर से लखनऊ के लिए रवाना हो जाएंगे।
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर अयोध्या कैंट और अयोध्या धाम में रूट डायवर्जन लागू रहेगा। प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी कर ली है। अयोध्या विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने जीआईसी पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। यह कार्यक्रम प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के समर्पण और सेवा को सम्मान देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। अयोध्या प्रशासन पूरे आयोजन को सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पूरी तरह तैयार है। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर अयोध्या में व्यापक तैयारियां की गई हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों और सहायिकाओं के सम्मान का यह राज्यस्तरीय कार्यक्रम अयोध्या के लिए महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में आने वाले सभी लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए मंच, बैठने, पेयजल, पार्किंग और यातायात सहित सभी व्यवस्थाओं को बेहतर ढंग से सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो। विधायक ने कार्यक्रम स्थल पर मौजूद अधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी को समन्वय के साथ कार्य करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *