अयोध्या मे प्रधानमंत्री आवास योजना क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का अभाव
(राजन तिवारी सिटी रिपोर्टर)
अयोध्या।भाजपा सरकार जहां एक ओर विकास के बड़े-बड़े दावे करती नजर आती है, वहीं जमीनी हकीकत कुछ और ही कहानी बयां कर रही है। टेढ़ी बाजार चौराहे के पास स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत बने आवासों में लगभग 10,000 लोगों की आबादी निवास करती है, लेकिन यहां मूलभूत सुविधाओं का घोर अभाव देखने को मिल रहा है।स्थानीय निवासियों के अनुसार, क्षेत्र में न तो नियमित सफाई व्यवस्था है और न ही पर्याप्त प्रकाश की सुविधा। करीब दो वर्ष पूर्व लगाए गए स्ट्रीट लाइट पोल आज भी केवल शोपीस बने हुए हैं। डेढ़ साल से ये लाइटें कभी जली ही नहीं, जिससे पूरे इलाके में रात के समय अंधेरा छाया रहता है।इतना ही नहीं, आवास परिसर में बने दो पार्क भी बदहाली का शिकार हैं। दोनों पार्कों में कूड़े के ढेर लगे हुए हैं और कहीं भी हरियाली या पौधारोपण का नामोनिशान नहीं है। जबकि सरकार द्वारा हर घर पौधा लगाने और पार्कों के सुंदरीकरण के लिए लाखों रुपये खर्च किए जाने के दावे किए जाते हैं।स्थानीय लोगों का कहना है कि पार्कों में बैठने तक की व्यवस्था नहीं है और ओपन जिम जैसी सुविधाएं भी केवल कागजों तक सीमित हैं। इससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।यह क्षेत्र टेढ़ी बाजार चौराहे से महज 500 मीटर और श्री राम जन्मभूमि मंदिर से लगभग 800 मीटर की दूरी पर स्थित है। बावजूद इसके, जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और महापौर कई बार इस मार्ग से गुजरते हैं, लेकिन कभी भी इस समस्या पर संज्ञान नहीं लिया गया।अब स्थानीय जनता प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा रही है कि जल्द से जल्द पार्कों का सुंदरीकरण कराया जाए, ओपन जिम की व्यवस्था की जाए, स्ट्रीट लाइट चालू की जाएं और नियमित सफाई सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें बुनियादी सुविधाएं मिल सकें
।

