आजादी के 76 साल बाद भी गयासपुर नोनारी में नहीं खुला प्राथमिक विद्यालय, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

आजादी के 76 साल बाद भी गयासपुर नोनारी में नहीं खुला प्राथमिक विद्यालय, ग्रामीणों ने उठाई आवाज

जौनपुर,14 मई । यूपी के जौनपुर स्थित शाहगंज तहसील क्षेत्र के गयासपुर नोनारी ग्रामसभा में आजादी के 76 वर्ष बाद भी प्राथमिक विद्यालय न होने का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। गुरुवार को जौनपुर कलेक्ट्रेट परिसर में राष्ट्रवादी नौजवान सभा के अध्यक्ष नवीन सिंह के नेतृत्व में दर्जनों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों ने प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन अतिरिक्त मजिस्ट्रेट सुनील भारती को सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने गांव में जल्द से जल्द प्राथमिक विद्यालय स्थापित किए जाने की मांग उठाई। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे नवीन सिंह ने बताया कि शाहगंज तहसील स्थित गयासपुर नोनारी ग्रामसभा में लगभग 400 परिवार और करीब 2000 मतदाता निवास करते हैं, लेकिन आज तक यहां एक भी प्राथमिक पाठशाला नहीं खोली गई।
उन्होंने कहा कि गांव के छोटे बच्चों को शिक्षा प्राप्त करने के लिए 3 से 5 किलोमीटर दूर दूसरे गांवों के विद्यालयों तक पैदल जाना पड़ता है। लंबी दूरी तय करने के दौरान कई बार बच्चे रास्ते में गिर जाते हैं और दुर्घटनाओं का भी खतरा बना रहता है। इससे अभिभावकों में लगातार चिंता और मानसिक तनाव की स्थिति बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि प्राथमिक विद्यालय के अभाव में गरीब और जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की पढ़ाई सबसे अधिक प्रभावित हो रही है। शिक्षा की मूलभूत सुविधा न होना गांव के सामाजिक और शैक्षिक विकास में बड़ी बाधा बन गया है।
राष्ट्रवादी नौजवान सभा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि गांव में प्राथमिक शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए तत्काल आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। संगठन की ओर से यह भी बताया गया कि गांव में विद्यालय निर्माण और खेलकूद के लिए ग्राम समाज की लगभग दो बीघा भूमि उपलब्ध है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि बच्चों के भविष्य और उनकी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए गयासपुर नोनारी ग्रामसभा में अविलंब नए प्राथमिक विद्यालय का निर्माण कराया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *