उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, 29 सितंबर से नामांकन
लखनऊ, (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड स्नातक की पांच और खंड शिक्षक की छह सीटों पर द्विवार्षिक निर्वाचन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। इन 11 निर्वाचन क्षेत्रों से निर्वाचित सदस्यों का कार्यकाल 6 दिसंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। इन रिक्तियों को भरने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि निर्वाचन की अधिसूचना 29 सितंबर 2026 को जारी की जाएगी। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्टूबर निर्धारित की गई है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्टूबर, शुक्रवार को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी और पूरी निर्वाचन प्रक्रिया 31 अक्टूबर 2026 से पहले पूरी कर ली जाएगी।खंड स्नातक के जिन पांच निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव होना है, उनमें लखनऊ खंड स्नातक से इंजी. अवनीश कुमार सिंह, वाराणसी खंड स्नातक से आशुतोष सिन्हा, आगरा खंड स्नातक से डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह ‘गुरु जी’, मेरठ खंड स्नातक से दिनेश कुमार गोयल तथा इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक से डॉ. मान सिंह यादव शामिल हैं। वहीं खंड शिक्षक की छह सीटों में लखनऊ खंड शिक्षक से उमेश द्विवेदी, वाराणसी खंड शिक्षक से लाल बिहारी यादव, आगरा खंड शिक्षक से डॉ. आकाश अग्रवाल (वित्तविहीन), मेरठ खंड शिक्षक से श्रीचन्द शर्मा, बरेली-मुरादाबाद खंड शिक्षक से हरी सिंह ढिल्लो तथा गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक से ध्रुव कुमार त्रिपाठी निर्वाचित सदस्य हैं, जिनका कार्यकाल समाप्त होने जा रहा है।मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विधान परिषद द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में आदर्श आचार संहिता के संबंधित प्रावधान प्रभावी हो गए हैं। हालांकि कानपुर नगर, कानपुर देहात और उन्नाव को इससे अलग रखा गया है। आदर्श आचार संहिता भारत निर्वाचन आयोग द्वारा 26 दिसंबर 2016 को जारी निर्देशों में निर्धारित प्रावधानों के अनुसार प्रभावी रहेगी।
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान, 29 सितंबर से नामांकन
—

