एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास कर सीडीओ ने दिया जागरूकता का संदेश

एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास कर सीडीओ ने दिया जागरूकता का संदेश

 

 

जौनपुर, 19 जून ।। यूपी के जौनपुर में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित योग सप्ताह के पांचवें दिन शुक्रवार को मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खड़िया ने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास कर समाज को जागरूकता और संवेदनशीलता का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों के संपर्क में रहने से किसी प्रकार का संक्रमण नहीं फैलता और समाज को उनके प्रति बनी गलत धारणाओं को त्यागना चाहिए।

कार्यक्रम में सैकड़ों एचआईवी पॉजिटिव व्यक्तियों के साथ योगाभ्यास करते हुए सीडीओ ने उन्हें नियमित रूप से योग एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मजबूत रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर स्वास्थ्य का आधार है और योग इसके लिए एक प्रभावी माध्यम है।

कार्यक्रम का संचालन कर रहे डॉ. सुशील अग्रहरी ने बताया कि एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को पौष्टिक एवं सुपाच्य आहार का नियमित सेवन करना चाहिए तथा किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहना चाहिए। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने कहा कि आयुर्वेदिक औषधियां भी शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने में सहायक होती हैं।

पतंजलि योग समिति उत्तर प्रदेश के सह राज्य प्रभारी अचल हरीमूर्ति एवं मुख्य योग शिक्षक अरविंद ने विभिन्न योगाभ्यासों का प्रशिक्षण देते हुए उनके लाभ बताए। अचल हरीमूर्ति ने कहा कि शरीर में रक्त संचार और प्राणवायु के प्रवाह में असंतुलन होने पर रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाती है। इसे संतुलित करने के लिए नियमित रूप से कपालभाति, भस्त्रिका, भ्रामरी और उद्गीथ प्राणायाम का अभ्यास लाभकारी है।

उन्होंने एचआईवी संक्रमित व्यक्तियों को मधुमेह, हृदय रोग, उच्च रक्तचाप, कोलेस्ट्रॉल, किडनी एवं लीवर संबंधी बीमारियों जैसी लाइफस्टाइल डिजीज से बचाव के लिए संयमित दिनचर्या, संतुलित आहार, नियमित योग, ध्यान और सूर्य नमस्कार अपनाने की सलाह दी। साथ ही प्रदूषित जल एवं वायु से बचने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम, सिटी मजिस्ट्रेट इंद्र नंदन सिंह, भू-राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, जिला पंचायत राज अधिकारी नवीन सिंह, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी नरेंद्र विश्वकर्मा, जिला उद्यान अधिकारी सीमा सिंह सहित अनेक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम संयोजक एवं क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. कमल ने सभी अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी तथा आमजन उपस्थि

त रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *