ब्यूरो प्रमुख विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
कायस्थ पार्टी का जौनपुर में तेजी से विस्तार, विभिन्न तहसीलों में पदाधिकारियों का मनोनयन
जौनपुर।15 जून यूपी के जौनपुर में नगर के शास्त्री नगर स्थित शास्त्री कॉन्वेंट स्कूल के सभागार में किसान, आमजन, युवा, शोषित एवं व्यापारियों की भागीदारी वाली कायस्थ पार्टी ने जिले की सभी तहसीलों में संगठन विस्तार अभियान के तहत नए पदाधिकारियों का मनोनयन एवं शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान शाहगंज, बदलापुर, मछलीशहर, मड़ियाहूं और केराकत तहसीलों के लिए अध्यक्ष, महासचिव, उपाध्यक्ष तथा विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। साथ ही जौनपुर नगर इकाई का भी विस्तार करते हुए कई नए पदाधिकारियों को संगठन की जिम्मेदारियां सौंपी गईं और उन्हें शपथ दिलाई गई।
मुख्य अतिथि अंजनी कुमार श्रीवास्तव ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण कराते हुए कहा कि कायस्थ पार्टी सर्वसमाज की पार्टी है, जहां सभी धर्मों और वर्गों के लोगों को समान सम्मान और अवसर दिया जाता है। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने का आह्वान किया।
पार्टी के राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने बताया कि संगठन का प्रमुख उद्देश्य पूर्वांचल को अलग राज्य का दर्जा दिलाने, कर्मचारियों को पुरानी पेंशन बहाल कराने, बेरोजगारी दूर करने, किसानों की समस्याओं के समाधान, कृषि यंत्रों को जीएसटी मुक्त कराने तथा न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को प्रभावी बनाने के लिए संघर्ष करना है। इसके अलावा समाज के सभी वर्गों, विशेषकर पिछड़े और वंचित लोगों के उत्थान के लिए कार्य करना भी पार्टी की प्राथमिकताओं में शामिल है।
कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे। अंत में जिला अध्यक्ष संतोष श्रीवास्तव ने सभी अतिथियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त
किया।

