कोतवाली नगर पुलिस ने सर्विलेंस टीम के साथ तीन शातिर चोरों को किया गिरफ्तार
अयोध्या।कोतवाली नगर पुलिस ने सर्विलांस टीम के साथ शहर के अलग-अलग इलाकों में चोरी व लूट की वारदात करने वाले तीन शातिर चोरों को चोरी के सामान, बाइक तथा ई रिक्शा के साथ गिरफ्तार किया। गुरुवार को कोतवाली नगर परिसर में इसका खुलासा करते हुए सीओ सिटी श्रीयश त्रिपाठी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपी शातिर लुटेरे हैं इनके ऊपर कोतवाली नगर के साथ-साथ कोतवाली अयोध्या में भी मुकदमे दर्ज हैं।बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवम गौड़ उर्फ अमिष्ट गौड़ निवासी खानपुर मसौधा थाना पूराकलंदर, हिमांशू गौड़ निवासी गायत्री नगर कॉलोनी सहादतगंज थाना कैंट तथा अनुराग यादव उर्फ गोलू निवासी खोजनपुर अमौना रानीबाजार थाना पूराकलंदर के रुप मे हुए। बताया कि पिछले दिनों इन लोगों की गिरफ्तारी के लिए कोतवाली नगर पुलिस तथा सर्विलांस के संयुक्त टीम का गठन किया गया था। जिसमें प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अशोक कुमार एवं पुलिस टीम ने गुरुवार सुबह करीब 4:55 बजे जीआईसी तिराहा से जेल के पीछे मर्चरी हाउस होते हुए रेलवे स्टेशन मालगोदाम के पास से इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपियों के पास से बाइक, ई रिक्शा, आभूषण सहित अन्य सामान बरामद किया। बताया कि इन आरोपियों को गिरफ्तार करने में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर मनोज शर्मा के अलावा सर्विलांस टीम तथा प्रभारी चौकी सिविल लाइन अशोक कुमार उप निरीक्षक पंकज सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

