(कोरबा) कोरबा प्रेस क्लब भवन विस्तार के लिए विधायक मद से 20 लाख रुपये की अनुशंसा, विधायक लखन लाल देवांगन ने कलेक्टर को भेजा पत्र, प्रेस क्लब ने जताया आभार
कोरबा 18 अगस्त (आरएनएस)। कोरबा विधानसभा क्षेत्र के विधायक लखन लाल देवांगन ने वर्ष 2026-27 के लिए अपने विधायक मद से एक करोड़ पन्द्रह लाख रुपये के विकास कार्यों की स्वीकृति के लिए कलेक्टर (जिला योजना एवं सांख्यिकी), जिला-कोरबा को अनुशंसा पत्र भेजा है।
उक्त अनुशंसा में वार्ड क्रमांक-24 स्थित नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा निर्मित कोरबा प्रेस क्लब के भवन विस्तार कार्य हेतु 20.00 लाख (बीस लाख) रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही कार्य के संपादन के लिए नगर पालिक निगम कोरबा को कार्यपालन एजेंसी बनाने कहा गया है।
प्रेस क्लब भवन के विस्तार हेतु 20 लाख रुपये की विकास राशि की अनुशंसा किए जाने पर कोरबा प्रेस क्लब की प्रबंध कार्यकारिणी एवं समस्त पत्रकारों ने विधायक लखन लाल देवांगन जी का सहृदय आभार व्यक्त किया है। कोरबा प्रेस क्लब के अध्यक्ष नौशाद खान ने विधायक लखन लाल देवांगन के प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि भवन विस्तार की इस राशि से प्रेस क्लब के बुनियादी ढांचे का सुदृढ़ीकरण होगा और जिले के पत्रकारों को अपने पेशेवर दायित्वों के निर्वहन हेतु बेहतर सुविधाएं एवं साधन उपलब्ध हो सकेंगे। उन्होंने इस जनहितैषी कदम के लिए विधायक को धन्यवाद व्यक्त किया है।
०००
(कोरबा) दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत: 3 युवक घायल, नगर सेना ने बचाई जान
कोरबा 18 अगस्त (आरएनएस)। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में रविवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जेजरा चैक के पास दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सड़क किनारे घायलों को पड़ा देखकर बांगो डैम से रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लौट रही जिला नगर सेना की टीम ने तत्काल मदद की और 112 की सहायता से घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के मुताबिक, रविवार रात दो बाइक विपरीत दिशाओं से आ रही थीं। जेजरा चैक के पास दोनों की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं और सवार सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद सुनसान सड़क पर घायल काफी देर तक पड़े रहे। आसपास तत्काल मदद के लिए कोई मौजूद नहीं था।
इसी दौरान बांगो डैम में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन से लौट रही जिला नगर सेना की टीम की नजर सड़क किनारे पड़े घायलों पर पड़ी। जवानों ने बिना देरी किए मौके पर रुककर स्थिति संभाली। टीम ने 112 पर कॉल कर एंबुलेंस बुलवाई और घायलों को प्राथमिक सहायता देने के बाद कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
डॉक्टरों के मुताबिक हादसे में तीन युवक घायल हुए हैं। इनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। तीसरे युवक को भी चोटें आई हैं, लेकिन उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। समय पर मदद मिलने से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया जा सका।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है, जिसके बाद वे अस्पताल पहुंचे।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने रात के समय सुनसान सड़कों पर वाहन चलाने को लेकर चिंता जताई है। पुलिस ने वाहन चालकों से तेज रफ्तार से वाहन न चलाने और हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करने की अपील की है।
००००
(रायपुर) रायपुर में चोरी, चाकूबाजी और मारपीट के कई मामले दर्ज
रायपुर, 18 अगस्त (आरएनएस)। राजधानी रायपुर में बीते 16 और 17 अगस्त को चोरी, अवैध हथियार रखने, मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी के कई मामले सामने आए। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
० सिविल लाइन क्षेत्र में कार से डेढ़ लाख का सामान चोरी
घड़ी चौक के पास एक कार में रखे एप्पल कंपनी के मैकबुक, पावर बैंक, एयरपॉड्स समेत करीब 1.50 लाख रुपये कीमत के सामान की चोरी हो गई। भाठागांव पुरानी बस्ती निवासी आकाश दीप साहू की शिकायत पर सिविल लाइन पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना 17 अगस्त की दोपहर करीब 3.25 बजे की बताई गई है।
० कोतवाली में स्कूटी चोरी
चांदनी चौक क्षेत्र में खड़ी सुजुकी बर्गमैन मोपेड चोरी हो गई। रावतपुरा कॉलोनी निवासी मोहम्मद नौमान रजा की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चोरी गई मोपेड की कीमत करीब 20 हजार रुपये बताई गई है।
० सरस्वती नगर में घर का दीवार फांदकर मोपेड चोरी
कुकुरबेड़ा स्थित सामुदायिक भवन के पीछे रहने वाले राजेश स्वामी की मोपेड चोरी हो गई। अज्ञात आरोपी घर की दीवार फांदकर आंगन में पहुंचा और वहां खड़ी टीवीएस मोपेड लेकर फरार हो गया। वाहन की कीमत करीब 15 हजार रुपये बताई गई है।
० देवेंद्रनगर में बाइक से मोबाइल चोरी
फाफाडीह शराब दुकान के पास खड़ी हीरो स्प्लेंडर बाइक से रेडमी कंपनी का मोबाइल चोरी होने की शिकायत दर्ज हुई है। पारस नगर निवासी सुजीत कुमार प्रजापति की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 20 हजार रुपये है।
० उरला और डीडी नगर में चाकू लेकर घूमते युवक पकड़े गए
उरला पुलिस ने हीरा गार्डन अछोली के पास अवैध रूप से चाकू लेकर आम लोगों को आतंकित कर रहे एक आरोपी को पकड़ा। इसी तरह डीडी नगर पुलिस ने विसर्जन कुंड महादेव घाट के पास चाकू लेकर लोगों को डराने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की। दोनों मामलों में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
० पुरानी बस्ती में विवाद के बाद महिला से मारपीट
लालवानी अस्पताल के पास जिललू चौक में पति-पत्नी के विवाद के दौरान महिला से गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया। शिकायत के अनुसार आरोपी ने महिला से विवाद करते हुए जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट कर चोट पहुंचाई। पुरानी बस्ती पुलिस ने संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज किया है।
० मोवा में चाबी रखने की बात पर दो पक्षों में मारपीट
प्रेम नगर मोवा में घर की चाबी को लेकर विवाद के बाद मारपीट के दो मामले दर्ज हुए। एक मामले में राजमणी जमश्रा ने पारसमणी पांडेय के खिलाफ शिकायत की, जबकि दूसरे मामले में पारसमणी पांडेय ने राजमणी जमश्रा और दो अन्य लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। दोनों पक्षों ने गाली-गलौज, धमकी और मारपीट के आरोप लगाए हैं।
० किराना दुकान में सामान के पैसे मांगने पर विवाद
खमतराई थाना क्षेत्र के कैलाश नगर बीरगांव में किराना दुकान में सामान लेने के बाद पैसे मांगने पर विवाद हो गया। शिकायतकर्ता अमरकांत साह के अनुसार सागर और जसवंत नामक आरोपी दुकान में घुसकर गाली-गलौज करने लगे और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्के तथा लकड़ी के बत्ता से मारपीट की। आरोपियों पर दुकान में तोड़फोड़ करने का भी आरोप है।
० मुजगहन में गाली-गलौज और मारपीट के दो मामले
बीएसयूपी कॉलोनी काठाडीह में गार्ड के काम को लेकर टिप्पणी करने से मना करने पर छम्मन दास मानिकपुरी के साथ मारपीट का मामला दर्ज हुआ। आरोप है कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के साथ हाथ-मुक्के से मारपीट की गई तथा दांत से काट लिया गया। वहीं दूसरे मामले में हनी निर्मलकर ने छम्मन दास के खिलाफ गाली-गलौज, धमकी और मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बंछोर
०००
(धमतरी) किसानों को कृषि ऋण योजनाओं से जोड़ने सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया का मेगा आउटरीच कार्यक्रम
० रायपुर रीजन ने 92 किसान हितग्राहियों को 71.49 करोड़ रुपये के कृषि ऋण किए स्वीकृत
धमतरी, 18 अगस्त (आरएनएस)। किसानों को सहज, सुगम और समयबद्ध संस्थागत ऋण उपलब्ध कराने तथा कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया ने मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया। धमतरी स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में किसानों और स्व-सहायता समूहों (एसएचजी) के करीब 100 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के दौरान किसानों को बैंक की विभिन्न कृषि ऋण योजनाओं, वित्तीय उत्पादों, ऋण सुविधाओं और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। बैंक अधिकारियों ने किसानों से ऋण प्राप्त करने में आने वाली दिक्कतों, बैंकिंग सेवाओं के अनुभव और उनकी अपेक्षाओं पर भी संवाद किया। अधिकारियों ने कहा कि किसानों से प्राप्त सुझावों के आधार पर ऋण प्रक्रिया को और सरल, पारदर्शी एवं किसान हितैषी बनाने की दिशा में पहल की जाएगी।
० 92 हितग्राहियों को 71.49 करोड़ रुपये के कृषि ऋण स्वीकृत
मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम के तहत सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के रायपुर रीजन द्वारा 92 किसान हितग्राहियों को लगभग 71.49 करोड़ रुपये के कृषि ऋण स्वीकृत किए गए। इसमें स्व-सहायता समूहों को स्वीकृत ऋण भी शामिल हैं। ऋण स्वीकृति से किसानों को कृषि गतिविधियों के विस्तार, कृषि निवेश, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता तथा आजीविका से जुड़ी गतिविधियों के लिए संस्थागत वित्तीय सहायता मिलेगी। इससे किसानों की साहूकारी पर निर्भरता कम करने और उन्हें औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में मदद मिलने की उम्मीद है।
० समय पर संस्थागत ऋण से मजबूत होगी कृषि अर्थव्यवस्था : रोहित कुमार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के महाप्रबंधक श्री रोहित कुमार ने कहा कि कृषि भारतीय अर्थव्यवस्था की आधारशिला है और किसानों की वित्तीय जरूरतों को समय पर पूरा करना बैंक की प्राथमिकताओं में शामिल है। बैंक का प्रयास केवल ऋण उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि किसानों को उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप वित्तीय उत्पाद, उचित मार्गदर्शन और बैंकिंग सुविधाएं उपलब्ध कराकर आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने कहा कि आधुनिक कृषि तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्रीकरण, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन और अन्य संबद्ध गतिविधियों के विस्तार में संस्थागत वित्त की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने बैंक अधिकारियों से किसानों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने और पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
० अतिथियों ने बैंक की पहल को सराहा
कार्यक्रम में उप संचालक कृषि श्री मोनेश साहू, लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर श्री रविन्द्र कुमार तिलवानी तथा ट्रेडर्स सेल-धमतरी के जिला संयोजक श्री सलाज अग्रवाल विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों ने कृषि क्षेत्र के विकास में संस्थागत ऋण की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समय पर वित्तीय संसाधन उपलब्ध होने से कृषि निवेश, उत्पादन और आयवर्धक गतिविधियों को गति मिलती है। कार्यक्रम में रायपुर जोन के जोनल हेड श्री राकेश भूतड़ा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आयोजन रायपुर रीजन के रीजनल हेड श्री प्रफुल्ल बंसल के नेतृत्व एवं समन्वय में किया गया। धमतरी शाखा के चीफ मैनेजर श्री मनीष मिंज सहित बैंक के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
० किसानों और बैंक के बीच हुआ सीधा संवाद
कार्यक्रम में किसानों को कृषि ऋण की पात्रता, आवश्यक दस्तावेज, ऋण प्रक्रिया और बैंक की विभिन्न सुविधाओं की जानकारी दी गई। किसानों ने भी अपनी वित्तीय जरूरतों और बैंकिंग अनुभवों को अधिकारियों के समक्ष रखा। अधिकारियों ने कहा कि कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में समय पर संस्थागत ऋण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, स्व-सहायता समूहों को वित्तीय सहयोग मिलने से ग्रामीण क्षेत्रों में महिला सशक्तिकरण, स्वरोजगार और सामुदायिक आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। मेगा कृषि ऋण आउटरीच कार्यक्रम किसानों को औपचारिक बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने, कृषि ऋण की पहुंच बढ़ाने और वित्तीय समावेशन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में कृषि एवं सामाजिक बैंकिंग विभाग के चीफ मैनेजर श्री देवेश वर्मा ने आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन कृषि एवं सामाजिक बैंकिंग विभाग के वरिष्ठ अधिकारी श्री त्रिभुवन मेश्राम ने किया।
बंछोर
०००
(कोंडागांव) नाबालिग बालिका अपहरण मामले में आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास
० नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगाकर ले जाने के प्रकरण में आरोपी को 20 वर्ष का सश्रम कारावास एवं 3,000 अर्थदंड
कोंडागांव, 18 अगस्त (आरएनएस)। 06.02.2025 को प्रार्थी बुदर विश्वकर्मा, पिता गोपी विश्वकर्मा, उम्र 40 वर्ष, निवासी मुलमुला थाना कोंडागांव, द्वारा थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी नाबालिग पुत्री को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बहला-फुसलाकर भगाकर ले गया है। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना कोंडागांव में अपराध क्रमांक 95/2025 धारा 137(2) क्चहृस् का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम द्वारा अपहृत नाबालिग पीड़िता की लगातार पतासाजी की गई। पतासाजी के दौरान पीड़िता को आरोपी लखेश्वर कश्यप, पिता शमलू राम कश्यप के कब्जे से बरामद किया गया। आरोपी से पूछताछ तथा पीड़िता के कथन के आधार पर प्रकरण में आरोपी के विरुद्ध धारा 87, 64, 64(2), 137(2) बीएनएस एवं पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई तथा संपूर्ण विवेचना उपरांत प्रकरण माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
प्रकरण में माननीय न्यायालय द्वारा प्रस्तुत साक्ष्य एवं सबूतों का विचारण करने के पश्चात आरोपी लखेश्वर कश्यप को दोषी पाते हुए 20 वर्ष के सश्रम कारावास एवं ?3,000/- के अर्थदंड से दंडित किया गया है।
उक्त प्रकरण में थाना कोंडागांव पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग पीड़िता की पतासाजी एवं बरामदगी सुनिश्चित की गई तथा विवेचना को तत्परता एवं गंभीरता से पूर्ण कर आरोपी के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन कार्रवाई की गई।
संपूर्ण कार्रवाई में थाना कोंडागांव के थाना प्रभारी निरीक्षक सौरभ उपाध्याय एवं पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
थाना कोडागांव पुलिस द्वारा महिलाओं एवं बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने हेतु निरंतर तत्परता से कार्य किया जा रहा है।
००००
(जशपुरनगर) जिले में 01 जून से अब तक 6203.7 मिमी वर्षा दर्ज
जशपुरनगर 18 अगस्त (आरएनएस)। जिले में 01 जून से 18 अगस्त 2026 तक 6203.7 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। इसी अवधि में पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा 7208.9 मिमी रही है। बीते दिवस जिले में औसतन 358.5 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
भू-अभिलेख शाखा से प्राप्त जानकारी के अनुसार 01 जून से 18 अगस्त तक तहसीलवार वर्षा इस प्रकार है:
तहसील जशपुर में 593.3 मिमी, मनोरा में 949.1 मिमी, कुनकुरी में 864.2 मिमी, दुलदुला में 543.3 मिमी, फरसाबहार में 340.7 मिमी, बगीचा में 582.8 मिमी, कांसाबेल में 669.2 मिमी, पत्थलगांव में 583.1 मिमी, सन्ना में 745.4 मिमी एवं बागबहार में 332.6 मिमी वर्षा दर्ज की गई है। जिले में सर्वाधिक वर्षा मनोरा तहसील में 949.1 मिमी हुई है, जो सामान्य से 137.2त्न अधिक है। वहीं आज सर्वाधिक वर्षा कांसाबेल तहसील में 66.5 मिमी दर्ज की गई।
०००
(रायपुर) रायपुर में खुले नाले ने ली 4 साल के मासूम की जान, 500 मीटर बहने के बाद मिला शव
रायपुर18 अगस्त (आरएनएस)। 2000 करोड़ों से अधिक बजट वाले नगर निगम रायपुर में 4 साल के मासूम की नाले में गिरने से मौत हो गई. गली में खेलने के दौरान वह अचानक नाले में गिर गया और करीब 500 मीटर दूर पुलिस के पास बहते हुए चला गया. घटना के दौरान बड़ी बहन से पास के दुकानदार को मदद के लिए बुलाने के बजाए अपनी मां को बुलाने चली गई. नाले से निकाले जाने के बाद बच्चे को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पूरी घटना राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के महात्मा गांधी नगर की है.
जानकारी के मुताबिक, सोमवार को गली में चार साल का काव्यांश साहू 4-5 बच्चों के साथ खेल रहा था. बारिश के कारण गली में पानी भर गया था. खेलते-खेलते मासूम अचानक नाली में जा गिरा. बहते-बहते वह 500 मीटर दूर जा पहुंचा. स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के दौरान मृतक की बड़ी बहन वहां मौजूद थी, लेकिन वह पास के दुकानदार से मदद मांग के बजाए, अपनी मां को बुलाने के लिए चली गई.
बताया जा रहा है कि तीन फीट गहरे नाले से उसे बाहर निकाला गया. गंभीर महालत में मेडिशाइन अस्पताल भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित करता. अगर वह घटना के बाद पास के किराना दुकानदार को जानकारी देती तो शायद मासूम की जान बच सकती थी.
इसी महीने काव्यांश का जन्मदिन था. उसके पिता खिलेश साहू मिस्त्री हैं और काम के सिलसिले में लखनऊ गए हुए हैं. रायपुर में वह अपनी मां किरण साहू और बड़ी बहन वर्षा साहू के साथ रहता था.
बारिश के मौसम में खुले नाले और गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं. एक और छोटी नालियां कचरे से लबालब हो जाती हैं, वही दूसरे ओर सुरक्षा व्यवस्था नहीं किए जाने के कारण हादसों का खतरा बढ़ा गया है. इस घटना ने निगम की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि खुले नालों और गड्?ढों को सुरक्षित करने के लिए निगम ने समय रहते कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया.
०००
(रायपुर) कटघोरा-उरगा एनएस से अप्रभावित जमीन की रजिस्ट्री खोलने की मांग, मंत्री देवांगन ने कलेक्टर को लिखा पत्र
रायपुर, 18 अगस्त (आरएनएस)। कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से प्रभावित क्षेत्र को छोड़कर अन्य क्षेत्र के नागरिकों और भूमि स्वामियों को राहत देने की दिशा में कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कोरबा कलेक्टर को पत्र लिखा है, जिसमें उन्होंने प्रभावित नकसा-खसरा को छोड़कर शेष भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया है।
लखन लाल देवांगन ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से संबंधित भूमि की रजिस्ट्री काफी लंबे समय से बंद है। रजिस्ट्री और खरीदी-बिक्री की प्रक्रिया बंद होने के कारण संबंधित क्षेत्र के आम नागरिकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं भूमि स्वामियों को अपनी आवश्यकताओं के अनुरूप भूमि के क्रय-विक्रय में कठिनाई हो रही है। साथ ही अनेक नागरिक आर्थिक और अन्य आवश्यकताओं के लिए अपनी भूमि का उपयोग नहीं कर पा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कटघोरा-उरगा एनएच सड़क से वास्तव में प्रभावित नकसा-खसरा/भूमि को छोड़कर, प्रभावित भूमि को यथावत रखते हुए अप्रभावित भूमि के संबंध में खरीदी-बिक्री की अनुमति प्रदान करने से आम नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी और उन्हें अनावश्यक परेशानियों से मुक्ति मिलेगी।
मंत्री ने जनहित को ध्यान में रखते हुए कलेक्टर से कटघोरा-उरगा एनएच सड़क की शेष अप्रभावित भूमि की खरीदी-बिक्री और रजिस्ट्री की शीघ्र अनुमति प्रदान करने का आग्रह किया है।
उन्होंने कहा कि शासन-प्रशासन का उद्देश्य विकास कार्यों के साथ-साथ आम नागरिकों की सुविधाओं और उनके हितों का संरक्षण सुनिश्चित करना है। अप्रभावित क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निराकरण कर उन्हें आवश्यक राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
०००००
(भिलाई नगर) पति के अफेयर से परेशान नवविवाहिता ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
भिलाई नगर, 18 अगस्त (आरएनएस)। दुर्ग जिले के ग्राम उमरपोटी में पति के कथित प्रेम संबंध से परेशान एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना उतई थाना क्षेत्र की है। मृतका की पहचान रवीना यादव के रूप में हुई है, जबकि उसके पति का नाम विपुल यादव बताया गया है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रवीना अपने पति के कथित अफेयर को लेकर काफी समय से तनाव में थी। बताया जा रहा है कि पति की गर्लफ्रेंड को लेकर रवीना और उसके बीच विवाद भी हुआ था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ।
बताया जा रहा है कि विवाद के बाद विपुल ने पत्नी को एक कमरे में बंद कर दिया और वहां से चला गया। इसके बाद रवीना ने पति को करीब 17 बार फोन किया, लेकिन कॉल का कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसने कथित तौर पर बंद कमरे में ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस पति-पत्नी के बीच हुए विवाद, फोन कॉल और मृतका के कथित तनाव समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में सीएसपी हर्षित मेहर का बयान भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार जांच पूरी होने के बाद घटना के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
बंछोर
०००
(अंबिकापुर) नशे में ऑटो चालक छात्रा को घर के बजाय सुनसान इलाके में ले जा रहा था, लोगों ने पकड़ा
अंबिकापुर, 18 अगस्त (आरएनएस)। सरगुजा जिले के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग छात्रा को कथित तौर पर गलत इरादे से घर के बजाय सुनसान इलाके में ले जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि ऑटो चालक नशे की हालत में छात्रा को ट्यूशन से घर पहुंचाने के बजाय कॉलेज ग्राउंड की ओर ले जा रहा था। छात्रा के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने ऑटो को रोककर बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार 13-14 वर्षीय छात्रा देर शाम ट्यूशन खत्म होने के बाद ऑटो से अपने घर लौट रही थी। आरोप है कि ऑटो चालक ने निर्धारित रास्ते से जाने के बजाय वाहन को कॉलेज ग्राउंड की ओर मोड़ दिया। सुनसान इलाके की तरफ ऑटो जाते देख छात्रा घबरा गई और उसने शोर मचाकर मदद के लिए आवाज लगाई। छात्रा की आवाज सुनकर आसपास मौजूद स्थानीय लोगों और ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने तत्काल ऑटो को रोक लिया। इसके बाद छात्रा को सुरक्षित ऑटो से बाहर निकाला गया। लोगों ने चालक को पकड़कर उसकी पिटाई की और बाद में पुलिस के हवाले कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर गांधी नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चालक के नशे में होने, छात्रा को निर्धारित स्थान के बजाय दूसरे स्थान पर ले जाने और उसके इरादे समेत पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। नाबालिग से जुड़ा मामला होने के कारण पुलिस सभी पहलुओं को गंभीरता से जांच रही है।
बंछोर
000
(कटघोरा) ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत, गुस्साई भीड़ ने किया चक्काजाम
कटघोरा, 18 अगस्त (आरएनएस)। कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। बांकीमोंगरा के चांदनी चौक के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक ट्रेलर के नीचे आ गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में लोग और परिजन जुट गए। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। इसके चलते रोंगा-बांकीमोंगरा मार्ग पर कई घंटे तक आवागमन बाधित रहा और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। चक्काजाम की सूचना मिलते ही नायब तहसीलदार अमरदीप आंचल और बांकीमोंगरा थाना प्रभारी जितेंद्र यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों और परिजनों से बातचीत कर उन्हें समझाने का प्रयास किया। ग्रामीणों ने चांदनी चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को देखते हुए स्पीड ब्रेकर लगाने, तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण करने और यातायात सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक है और तेज रफ्तार के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों और ट्रेलर चालक की भूमिका की जांच की जा रही है।
बंछोर
000
(रायपुर) बंगाल की खाड़ी में बने अवदाब के प्रभाव से प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बारिश
0 सबसे अधिक 17 सेमी बारिश कोरबा में हुई
रायपुर, 18 अगस्त (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर बारिश का दौर

