गरीबों की मसीहा भगवती देवी की तेहरवीं में उमड़ी भारी भीड़

बागपत, उत्तर प्रदेश। विवेक जैन।

जनपद बागपत में गरीब लोगों की मसीहा के रूप में अमिट पहचान बनाने वाली खेकड़ा निवासी भगवती देवी उर्फ भगवती दहिया की तेहरवीं में राजनैतिक, शैक्षिक, सामाजिक, धार्मिक आदि विभिन्न क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों ने शिरकत की और उन्हें अपनी श्रद्धांजली दी।
इस अवसर पर पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष और बागपत के वर्तमान विधायक योगेश धामा ने कहा कि भगवती देवी ने हमेशा जरूरतमंद लोगों की सहायता की। कहा कि भगवती देवी जैसी महान शख्सियत कभी कभार ही जन्म लेती है। कांग्रेस सेवादल पश्चिमी जोन के प्रदेश अध्यक्ष अनिल देव त्यागी ने कहा कि भगवती देवी इंसानियत का जीता-जागता उदाहरण थी। कहा कि वह कांग्रेस पार्टी की महत्वपूर्ण कार्यकर्त्ता थी और वर्तमान में कांग्रेस महिला प्रकोष्ठ की जिलाध्यक्ष पद पर आसीन थी। इससे पहले वह 15 वर्षो तक कांग्रेस सेवादल महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष व दो बार प्रदेश कांग्रेस कमेटी की सदस्य चुनी गयी। बताया कि जब भी कोई व्यक्ति सहायता के लिए उनके पास आया, उन्होंने बिना किसी भेदभाव के उसकी सहायता की। उन्होंने यह कभी नही देखा कि सहायता मॉंगने वाला किसी पार्टी का है, अमीर है या गरीब या फिर वह किस धर्म व जाति का है। लोगों को उनके अधिकार दिलवाने के लिए अनेकों बार उन्होंने अधिकारियों के आफिस के बाहर धरना-प्रदर्शन किया और लोगों को न्याय दिलवाया। अनेकों गरीब जरूरतमंद लोगों को आवास, शौचालय, विधवा पेंशन, वृद्धा पेंशन, दिव्यांग पेंशन आदि दिलवाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की। कहा कि वह जब तक व रही कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को अपने अच्छे कर्मो के माध्यम से लोगों तक पहुॅचाती रही। इस अवसर पर अनेकों वक्ताओं ने भगवती देवी की महानता से लोगों को अवगत कराया। श्रद्धांजली सभा में भगवती देवी के पुत्र कपिल दहिया व चंद्रमोहन दहिया उर्फ चिंटू, जैन मिलन खेकड़ा के अध्यक्ष मनोज जैन, रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ जयपाल तेवतिया, समाजसेवी प्रमोद गोस्वामी, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा सम्मानित वरिष्ठ पत्रकार विपुल जैन, कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश महामंत्री अरविंद त्यागी, कांग्रेस सेवादल यंग ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष क्षितिज त्यागी, संदीप पाटिल, हरिओम एडवोकेट, श्रद्धानंद पांचाल, तेजपाल सहित हजारों लोग उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *