ब्यूरो चीफ/सत्य प्रकाश उपाध्याय गाजियाबाद : गाजियाबाद के पटेल नगर इलाके में शुक्रवार तड़के एक एयर कंडीशनर सर्विस सेंटर में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। आग के दौरान एसी गैस सिलेंडरों और कंप्रेसरों में हुए लगातार धमाकों ने स्थिति को बेहद गंभीर बना दिया। हादसे में 80 वर्षीय बुजुर्ग त्रिलोकी नाथ की मौत हो गई, जबकि पूरी इमारत और अंदर खड़े कई वाहन जलकर खाक हो गए।
यह घटना पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 पर संचालित ‘ऑन स्पॉट एयरकंडीशनर सर्विस सेंटर’ में हुई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, रात करीब 3:05 बजे फायर कंट्रोल रूम को आग लगने की सूचना मिली। देखते ही देखते आग ने तीन मंजिला इमारत को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सर्विस सेंटर के भीतर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में एक के बाद एक तेज धमाके होने लगे, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। चूंकि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, इसलिए आग के आसपास के मकानों तक फैलने का खतरा भी पैदा हो गया था।
सूचना मिलते ही फायर स्टेशन कोतवाली की टीम मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। अधिकारियों के अनुसार, फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से आसपास के दर्जनों घरों को सुरक्षित बचा लिया गया।
हादसे में परिसर के अंदर खड़ी दो कारें और करीब दस मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं। आग की चपेट में आने से तीन मंजिला इमारत को भी भारी नुकसान पहुंचा। राहत और सर्च ऑपरेशन के दौरान ग्राउंड फ्लोर से 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ का शव बरामद किया गया।
बताया जा रहा है कि सर्विस सेंटर ओंकार तोमर नामक व्यक्ति का है। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती आशंका है कि एसी गैस सिलेंडरों में हुए विस्फोट के कारण आग तेजी से फैली और स्थिति विकराल हो गई।

