ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : गाजियाबाद के मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) कुमार सौरभ ने गुरुवार को ग्राम पंचायत डासना देहात का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों एवं सार्वजनिक परिसंपत्तियों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान विभिन्न स्थलों पर गंदगी, अव्यवस्थित रखरखाव और लापरवाही मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई तथा संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान मल्टी पर्पज हॉल में व्यापक गंदगी, रखरखाव की खराब स्थिति और भवन का समुचित उपयोग न होने की बात सामने आई। इस पर सीडीओ ने संबंधित लीज होल्डर को तत्काल नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक संपत्तियों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
सामुदायिक केंद्र के निरीक्षण में भवन के पीछे गंदगी का अंबार, टूटा हुआ मार्बल फर्श तथा रखरखाव में गंभीर लापरवाही पाई गई। इस पर भी सीडीओ ने कड़ा असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित लीज होल्डर के खिलाफ नोटिस जारी करने और परिसर को तत्काल स्वच्छ एवं व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
वहीं, प्लास्टिक यूनिट और रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी) में भी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिलीं। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं जिम्मेदार व्यक्तियों को फटकार लगाते हुए सभी कमियों को दूर करने के लिए एक माह की समय-सीमा तय की।
सीडीओ कुमार सौरभ ने चेतावनी दी कि निर्धारित अवधि के बाद पुनः निरीक्षण किया जाएगा। यदि कमियां बरकरार मिलीं तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के समापन पर उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी सार्वजनिक परिसंपत्तियों का नियमित रखरखाव, स्वच्छता और जनहित में प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी और जवाबदेही तय करने के निर्देश दिए, ताकि ग्रामीणों को बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

