गाजियाबाद में युवक की गोली मारकर हत्या, पुलिस भर्ती की कर रहा था तैयारी

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
गाजियाबाद : ग़ज़िआबाद के लोनी क्षेत्र में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बागपत निवासी नितिन के रूप में हुई है, जो यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहा था। पुलिस के अनुसार उसका शव बंथला नहर के पास एक ट्यूबवेल के समीप मिला, जहां से बियर की केन और एक बैग भी बरामद हुआ है।
परिजनों ने बताया कि नितिन 27 मई को नौकरी के इंटरव्यू के लिए गुरुग्राम जाने के उद्देश्य से घर से निकला था। उसे गांव का एक युवक रेलवे स्टेशन तक छोड़ने गया था। देर रात लोनी पुलिस ने परिवार को फोन कर शव मिलने की सूचना दी।
मृतक के बड़े भाई ने गांव के ही दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि कुछ महीने पहले गांव की एक युवती घर छोड़कर चली गई थी, जिसे नितिन ने रास्ते में लिफ्ट दी थी। इसी बात को लेकर आरोपियों की ओर से लगातार धमकियां दी जा रही थीं।
परिजनों का दावा है कि मामला बाद में शांत हो गया था, लेकिन धमकियां जारी रहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते नितिन की हत्या की गई।
गांववालों का प्रदर्शन
घटना के बाद परिवार और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। आरोपी युवकों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने धरना शुरू कर दिया। परिजनों ने कहा कि जब तक आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होगी, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर नामजद FIR दर्ज कर ली है। अधिकारियों के मुताबिक मामले की जांच के लिए कई टीमें गठित की गई हैं। मोबाइल कॉल डिटेल, घटनास्थल से मिले सामान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
एसीपी ने बताया कि आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *