गोरखपुर न्यूज़: गोरखनाथ ओवरब्रिज पर भीषण सड़क हादसा, दो की मौत

गोरखपुर में गोरखनाथ ओवरब्रिज पर मंगलवार की देर रात करीब 1:30 बजे बेकाबू कार ने फुटपाथ पर सो रहे 3 मजदूरों को कुचल दिया. हादसे के बाद रेलिंग से टकरा कर तेज रफ्तार कार ओवरब्रिज पर पलट गई. गंभीर स्थिति में मजदूरों को पुलिस जिला अस्पताल ले गई. जहां डॉक्टरों ने 2 मजदूरों को मृत घोषित कर दिया. वहीं, देवरिया जिले के रहने वाले एक मजदूर की स्थिति गंभीर बनी हुई है. फिलहाल पुलिस ने नेपाल से आर रहे कार सवार 4 युवकों को हिरासत में ले लिया है.

जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात 1.30 बजे महराजगंज की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार गोरखनाथ ओवरब्रिज मोड़ पर अनियंत्रित होकर रेलिंग से टकराने के बाद फुटपाथ पर सो रहे मजदूरों को कुचलते हुए बीच सड़क पर ही पलट गई. हादसे में देवरिया जिले के रामपुर कारखाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव निवासी 30 वर्षीय उमेश मौर्य और 50 वर्षीय 2 अन्य मजदूर घायल हो गए. राहगीरों के सूचना देने पर पहुंची कोतवाली व गोरखनाथ थाना पुलिस घायलों को जिला अस्पताल ले गई.

हादसे के बाद कार में फंसे महराजगंज जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र के सहजनवा बाबू गांव निवासी पितांबर शर्मा, रामू ठाकुर, सुधीर और अमरजीत प्रजापति को बाहर निकाला. मामूली रूप से घायल कार सवार युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी मिल गई, लेकिन कोतवाली पुलिस उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.

सीओ कोतवाली रत्नेश्वर सिंह ने बताया कि हादसे में मरने वालों की पहचान नहीं हो पाई है. दुर्घटनाग्रस्त कार को हटाकर आवागमन शुरू करा दिया गया है. वहीं, घटना की सुचना पर एसएसपी गौरव ग्रोवर भी मौके पर पहुंच गए और उचित मदद और कार्रवाई का निर्देश दिया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *