ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में राष्ट्रीय ब्राह्मण एवं सनातन एकता संघ द्वारा भगवान परशुराम जन्मोत्सव के अवसर पर एक भव्य और सुव्यवस्थित कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस आयोजन में धार्मिक अनुष्ठानों के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी लोगों को आकर्षित किया।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना, वस्त्र एवं जनेऊ अर्पण तथा हवन से हुई। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सायंकाल में आयोजन ने सांस्कृतिक रंग लिया, जहां बच्चों और बड़ों की सहभागिता से संध्या फेरी और शोभा यात्रा निकाली गई। इसके पश्चात आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों में विशेष रूप से बच्चों द्वारा भगवान परशुराम के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया। राजकुमार दुबे के नेतृत्व में कार्यक्रम का आयोजन किया गया, मुख्य अतिथि एमएलसी श्रीचंद्र शर्मा ने भगवान परशुराम के जीवन और उनके आदर्शों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं, जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने उपस्थित लोगों से उनके विचारों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष बिसरख लोकेश त्यागी, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष संगीता तिवारी, जिला मंत्री प्रज्ञा पाठक, मंडल अध्यक्ष मनीष तिवारी सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।
आयोजन को सफल बनाने में आयोजन समिति के सदस्यों में संगीता तिवारी, अभिषेक तिवारी, अजय मिश्रा, धनंजय पाठक, अनूप तिवारी, ममता तिवारी, शैलजा शुक्ला, नीरज झा, रविराय, अंजनी पांडे, आदित्य भूषण, स्वप्निल श्रीवास्तव और ज्ञानेश्वर द्विवेदी—ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता ने सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को दर्शाया।

