ग्रेटर नोएडा में बाल यौन शोषण सामग्री शेयर करने पर FIR, आरोपी की तलाश तेज

ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
ग्रेटर नोएडा : ग्रेटर नोएडा में सोशल मीडिया के जरिए बाल यौन शोषण सामग्री शेयर करने के आरोप में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। दनकौर कोतवाली पुलिस और साइबर सेल ने अमेरिका की संस्था नेशनल सेंटर फॉर मिसिंग एंड एक्सप्लॉइटेड चिल्ड्रन (NCMEC) की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की है। पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रवेश चौहान और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, साइबर सेल को NCMEC की साइबर टिपलाइन से रिपोर्ट मिली थी। तकनीकी जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम और मैसेंजर के जरिए बच्चों से संबंधित आपत्तिजनक डिजिटल सामग्री शेयर की गई थी। जांच के दौरान यूजर की पहचान दनकौर निवासी प्रवेश चौहान के रूप में हुई, जो ‘thakur_pravesh_01’ नाम से इंस्टाग्राम अकाउंट संचालित करता था।
NCMEC की रिपोर्ट के मुताबिक, 18 फरवरी 2026 को एक इंस्टाग्राम मैसेंजर चैट में 27 डिजिटल फाइलें अपलोड की गई थीं। इनमें कई फाइलें बाल यौन शोषण सामग्री से संबंधित होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट में आरोपी के डिवाइस से जुड़े लॉगिन लॉग और IP एड्रेस भी उपलब्ध कराए गए थे।
साइबर सेल ने IP एड्रेस की तकनीकी जांच की, जिसमें उत्तर प्रदेश, दिल्ली और हरियाणा के अलग-अलग स्थानों की लोकेशन सामने आई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *