अयोध्या। कोविड टीकाकरण कोरोना वायरस के नए नए स्वरूप और खतरे से जनपद वासियों को सुरक्षित रखने और 18 वर्ष एवम उससे अधिक उम्र के सभी लक्षित लोगों को कोविड टीके की खुराक से आच्छादित करने के लिए विकास भवन में स्थापित कंट्रोल रूम को सक्रिय करने के साथ साथ आम लोगों को टीके लगवाने हेतु जागरूक करने के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा जनपद के विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया गया। कोविड टीके के साथ साथ कोविड सैंपलिंग भी ज्यादा से ज्यादा हो इसकी भी मॉनिटरिंग की। अन्य विभागीय अधिकारियों द्वारा भी कोविड टीकाकरण को गति प्रदान करने के लिए क्षेत्र में भ्रमण किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने अपील की कि जनपद के ऐसे सभी 18 वर्ष एवम उससे ऊपर के लोग जिन्होंने अभी तक कोविड टीके की एक भी खुराक नही ली है वो अनिवार्य रूप से अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर कोविड का टीका अवश्य लगवा लें साथ ही जिन लोगों ने अभी तक दूसरा डोज नही लगवाया है वे भी अपने नजदीकी टीकाकरण केंद्र पर जाकर टीके की दूसरी डोज लगवा लें। इस हेतु कन्ट्रोल रूम से दूसरी डोज से वंचित लोगों को अवगत भी कराया जा रहा है।
आम जन से अनुरोध है कि कोविड महामारी से लड़ने में सहयोग प्रदान करें जिससे हम सभी मिलकर इस महामारी से लड़ सकें और जनपद को महामारी से सुरक्षित कर सकें।

