जनपद में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया

*जनपद में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया*

*स्वतंत्रता दिवस पर कलेक्ट्रेट परिसर में बच्चों ने बनाई रंगोली*

*कलेक्ट्रेट परिसर में हुआ ध्वजारोहण*

*पंचप्रण की दिलाई गई शपथ*

जौनपुर 15 अगस्त, 2025 (सू0वि0)- जनपद में 79 वाँ स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने कलेक्ट्रेट परिसर मे ध्वजारोहण किया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को पंचप्रण के अंतर्गत देश की एकता और एकजुटता के लिए सदैव प्रयासरत रहने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों और दायित्वों का पालन करते हुए राष्ट्र की रक्षा, सम्मान और प्रगति के लिए समर्पित रहने की शपथ दिलाई। तिरंगा झंडा को सलामी देते हुए राष्ट्रगान गाया गया।
जिलाधिकारी ने देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, वीर शहीदों को नमन करते हुए कहा कि लंबे समय तक पराधीनता के पश्चात हमें आजादी मिली। परतंत्रता की बेड़ियों को तोड़ने की लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को आज के दिन हम नमन करते हैं। स्वतंत्रता दिवस हमारे राष्ट्रीय कर्तव्यों की याद दिलाने का दिन है। आज़ादी हमें अनेक बलिदानों और संघर्षों के बाद मिली है, उन्होंने कहा कि इसे बनाए रखना तथा देश को आगे बढ़ाना हम सबकी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र की प्रगति तभी संभव है जब हम ईमानदारी, निष्ठा और एकजुटता के साथ कार्य करें। हमें सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सिद्धांत के साथ कार्य करना है।
जिलाधिकारी ने समस्त जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए हर घर तिरंगा के सफल आयोजन पर सभी को बधाई दी तथा 13 अगस्त 2025 को पुलिस लाइन से शाही किले तक निकाली गई भव्य और ऐतिहासिक तिरंगा रैली के द्वारा रिकॉर्ड बनाए जाने पर सभी जनपद वासियों को धन्यवाद ज्ञापित किया।
जिलाधिकारी के द्वारा कलेक्ट्रेट परिसर में नीम का पौधा भी रोपित किया गया। उन्होंने रंगोली बनाने वाली जनक कुमारी इंटर कॉलेज की छात्राओं को सम्मानित भी किया।
इसके उपरांत जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में गोष्ठी का आयोजन किया गया। जहां पर जिलाधिकारी, मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अंबष्ट, अपर जिलाधिकारी वि0 एवं रा0 राम अक्षयवर चौहान सहित अन्य ने भी देश की स्वतंत्रता हेतु किए गए संघर्ष, तथा वीर शहीदों के बलिदान को याद किया।
गोष्ठी का संचालन आशीष त्रिपाठी ने किया। समारोह में जिलाधिकारी द्वारा कुर्सी बुनकर अनिरुद्ध कुशवाहा को सम्मानित भी किया गया।
इस अवसर पर नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनंदन सिंह, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी, कर्मचारी गण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *