(जमुई)प्रेमी जोड़े को सुनसान इलाके में घेरा, जान बचाने को भागती रही युवती; खुलेआम बदसलूकी करने वाले 3 दरिंदे गिरफ्तार
जमुई ,22 सितंबर ,(आरएनएस)। बिहार के जमुई जिले में प्रेमी जोड़े को घेरकर युवती के साथ खुलेआम बदसलूकी और छेड़छाड़ करने के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। सोशल मीडिया पर घटना का खौफनाक वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जमुई पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी कर 3 आरोपियों को धर दबोचा है। जमुई के जिलाधिकारी (ष्ठरू) नवीन ने तीनों मनचलों की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि कर दी है। बाकी फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
सुनसान इलाके में घेरा, जान बचाने को भागती रही युवती
यह शर्मनाक वारदात जमुई के टाउन थाना क्षेत्र अंतर्गत मड़वा राजपुरा इलाके में घटी। वहां घूमने गए एक प्रेमी जोड़े को 7 बेखौफ मनचलों ने चारों तरफ से घेर लिया। पीड़िता और उसका साथी खुद को बचाने के लिए काफी देर तक इधर-उधर भागते रहे और रहम की भीख मांगते रहे। इसके बावजूद आरोपियों ने उनका पीछा नहीं छोड़ा और युवती के साथ जबरन धक्का-मुक्की और अश्लील हरकतें कीं। हैवानियत की हद तब पार हो गई जब दरिंदों ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद पूरे इलाके में भारी जन-आक्रोश भड़क उठा।
पीड़िता के बयान पर दर्ज हुई प्राथमिकी, फॉरेंसिक जांच से खुले राज
वीडियो वायरल होते ही जमुई के पुलिस अधीक्षक (स्क्क) विश्वजीत दयाल ने कड़ा संज्ञान लिया और तत्काल पुलिस टीम को पीड़िता के पास भेजा। पुलिस ने पीड़िता से संपर्क साधकर उसका विस्तृत बयान दर्ज किया और टाउन थाने में नामजद व अज्ञात आरोपियों के खिलाफ संगीन धाराओं में एफआईआर दर्ज की। पुलिस की टेक्निकल और फॉरेंसिक टीम ने वायरल वीडियो के आधार पर चेहरों की पहचान की और त्वरित एक्शन लेते हुए 3 मुख्य आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
एसपी की प्रेस कॉन्फ्रेंस, बाकी 4 आरोपियों की भी हुई पहचान
मामले में मिली इस बड़ी सफलता को लेकर जमुई एसपी विश्वजीत दयाल दोपहर 1:30 बजे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस करने जा रहे हैं। इसमें गिरफ्तार किए गए तीनों आरोपियों के नामों का खुलासा किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वारदात में शामिल बाकी 4 फरार आरोपियों की भी पहचान कर ली गई है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऐसे दरिंदों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में चार्जशीट पेश कर कठोरतम सजा दिलाई जाएगी।
00

