जौनपुर की बेटियों ने मंडलीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मारी बाजी

जौनपुर की बेटियों ने मंडलीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में मारी बाजी
बनारस और गाजीपुर को हराकर पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली की टीम बनी चैंपियन, छह बालिकाओं का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर के निर्देशन में 70वीं मंडलीय माध्यमिक विद्यालय एवं बेसिक विद्यालय की 14 वर्षीय संयुक्त वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन महेंद्र सिंह टेक्निकल इंटर कॉलेज, चंदौली में किया गया। प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की विभिन्न टीमों ने प्रतिभाग किया।

बेसिक विद्यालय वर्ग में पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, बदलापुर, जौनपुर की बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बनारस और गाजीपुर की टीमों को पराजित कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। जौनपुर की बालिकाओं के शानदार प्रदर्शन से विद्यालय एवं जनपद का नाम मंडल स्तर पर गौरवान्वित हुआ।

प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय अटौली, बदलापुर की छह बालिकाओं आंचल मौर्य, वर्षा यादव, लक्ष्मी, छोटी देवी, काजल और रोशनी का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया है। अब ये बालिकाएं प्रयागराज में आयोजित होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में वाराणसी मंडल की ओर से प्रतिभाग करेंगी।

           बालिका टीम की इस उपलब्धि में ब्लॉक व्यायाम शिक्षक, बदलापुर सुरेश कुमार यादव के अथक प्रयास और मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके प्रयासों से जौनपुर की बालिका टीम लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन कर रही है।

इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार, शिक्षकों, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने चयनित बालिकाओं को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
———-

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *