जौनपुर पुलिस ने 151 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद, 32 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

जौनपुर पुलिस ने 151 गुमशुदा मोबाइल किए बरामद, 32 लाख रुपये के फोन मालिकों को लौटाए

जौनपुर, 04जुलाई । यूपी के जौनपुर में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए 151 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 32 लाख रुपये बताई गई है। इस मामले शनिवार को सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने खुलासा करते हुए बताया कि जौनपुर पुलिस अब तक 1,791 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल अनुमानित कीमत करीब 3.60 करोड़ रुपये है। यह अभियान लगातार साइबर क्राइम थाना द्वारा संचालित किया जा रहा है।
बरामद किए गए 151 मोबाइल फोन जौनपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों के अलावा उत्तर प्रदेश के आजमगढ़, वाराणसी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, लखनऊ, कानपुर, बलिया, प्रतापगढ़ और भदोही समेत कई जिलों से प्राप्त हुए। वहीं, कुछ मोबाइल दिल्ली, गुजरात, महाराष्ट्र, झारखंड, बिहार और राजस्थान जैसे राज्यों से भी बरामद किए गए।
पुलिस ने बताया कि यह कार्रवाई सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर की गई। बरामद मोबाइलों में वनप्लस, वीवो, रेडमी, ओप्पो, रियलमी, टेक्नो, पोको, नोकिया और सैमसंग सहित विभिन्न कंपनियों के हैंडसेट शामिल हैं।
अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताते हुए जौनपुर पुलिस का आभार व्यक्त किया। इस दौरान सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता ने आमजन से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तत्काल उसकी शिकायत दर्ज कराएं और पोर्टल पर आवेदन करें, जिससे मोबाइल की शीघ्र बरामदगी संभव हो सके।
उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के लिए लोगों को सतर्क रहने की सलाह देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी या अन्य साइबर अपराध का शिकार होता है, तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराएं या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें। साथ ही नजदीकी थाने की साइबर हेल्पडेस्क पर भी संपर्क किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *