तन, मन और आत्मा को जोड़ता है योग : ज्ञानेंद्र शरण
राज्य बांध सुरक्षा संगठन और वाल्मी ने संयुक्त रूप से किया योग दिवस का आयोजन,
उतरटिया,
रायबरेली रोड के उतरटिया स्थित सिंचाई विभाग के वाल्मी भवन प्रांगण में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राज्य बांध सुरक्षा संगठन व उत्तर प्रदेश जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान के कर्मचारियों ने खुले मैदान में आयोजित योग कार्यक्रम में बढ़ चढ़ हिस्सा लेते हुए योगाभ्यास किया । आयोजनकर्ताओं ने बताया कि आयोजन का मुख्य उद्देश्य योग के माध्यम से जनसामान्य में स्वास्थ्य, समरसता एवं पर्यावरण के प्रति जागरूकता फैलाना है । इस मौके पर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे राज्य बांध सुरक्षा संगठन के मुख्य अभियंता ज्ञानेंद्र शरण ने अपने प्रेरणादायक संदेश में योग को जीवन का आधार और अभिन्न हिस्सा बताते हुए इसके सतत अभ्यास की आवश्यकता पर बल दिया । उन्होंने कहा कि योग तन, मन और आत्मा को जोड़ने का मंत्र है । “करो योग–रहो निरोग” का आह्वाहन करते हुए मौजूद लोगों को योग से जुड़ने और जन जन को योग से जोड़ने की अपील की । उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक व मानसिक दुर्बलता को दूर करता है, बल्कि अनुशासन, समर्पण और सफलता की ओर भी प्रेरित करता है । इस मौके पर मौजूद रहे उत्तर प्रदेश जल एवं भूमि प्रबंध संस्थान के निदेशक ललित कुमार सिंह ने लोगों को योग से जुड़ कर जीवन को सरल और सार्थक बनाने का आह्वाहन किया ।

