ब्यूरो चीफ / सत्य प्रकाश उपाध्याय
नोएडा : नोएडा सेक्टर-62 स्थित नोएडा एक्सपो सेंटर के समीप आयोजित 12वें विशाल कांवड़ सेवा शिविर के छठवें दिन गौरी शिक्षा फाउंडेशन के चेयरमैन मुकेश शर्मा शिविर में पहुंचे और कांवड़ यात्रियों की सेवा की। उन्होंने भगवान शिव एवं माता पार्वती की विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को फल एवं फ्रूटी वितरित की।
इस दौरान मुकेश शर्मा ने शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए उपलब्ध भोजन, पेयजल, चिकित्सा सुविधाओं और विश्राम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने स्वयंसेवकों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए सेवा कार्यों की सराहना की।
मुकेश शर्मा ने कहा कि कांवड़ यात्रियों की सेवा धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी है। पिछले 12 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रहा यह सेवा शिविर सेवा, सहयोग और समर्पण की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रहा है। उन्होंने युवाओं से समाजसेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा उद्योग जगत से ऐसे सामाजिक एवं धार्मिक आयोजनों में सहयोग बढ़ाने की अपील की।
शिविर का आयोजन सरोकार मीडिया ग्रुप के प्रबंध संपादक निशांत शर्मा एवं पत्रकार प्रदीप मिश्रा के नेतृत्व में किया जा रहा है। शिविर में श्रद्धालुओं की सुविधा और सेवा के लिए बड़ी संख्या में स्वयंसेवक जुटे हुए हैं।
इस अवसर पर रिंकू सिंह राठौड़, भव्य वैद, आशीष शर्मा, शुभम आचार्य, वसुधा, अभिषेक कुमार दुबे, जितेंद्र बैंसला, महेश पाल, सोनू कश्यप और गोपाल यादव सहित अनेक लोग मौजूद रहे।

