पेंशनर्स परिकल्प 2025 का विमोचन एवं सम्मान समारोह सम्पन्न

पेंशनर्स परिकल्प 2025 का विमोचन एवं सम्मान समारोह सम्पन्न
——————————————
लखनऊ:उत्तर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा प्रकाशित एवं श्री शिव शंकर द्विवेदी,संयुक्त सचिव (सेवानिवृत्त), उत्तर प्रदेश शासन द्वारा सम्पादित पत्रिका ‘पेंशनर्स परिकल्प 2025’ का विमोचन दिनांक 28-11-2025 को कृषि भवन, लखनऊ के सभागार में समारोह के मुख्य अतिथि, उ.प्र.के पूर्व मुख्य सचिव एवं वर्तमान सी०ई०ओ०, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन, श्री मनोज कुमार सिंह जी के द्वारा किया गया। समारोह में श्री के.रविन्द्र नायक जी, पूर्व प्रमुख सचिव, सचिवालय प्रशासन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन की विशिष्ट उपस्थिति थी।
इस अवसर पर श्री वासुदेव खिलनानी,वरिष्ठ पेंशनर, सचिवालय सेवा को ‘पेंशनर्स शिरोमणि’,श्री बाबूलाल ,सदस्य, कार्यकारिणी,उ.प्र.सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन को ‘पेंशनर्स गौरव ‘एवं उत्कृष्ट साहित्यिक गतिविधियों को सुचारू रूप से बढ़ाने के लिए श्री मुक्ति नाथ झा, वरिष्ठ अधिकारी,निजी सचिव सेवा को ‘साहित्य क्षत्रम् सम्मानम्’ से अंग वस्त्रम् एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर के सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि उक्त तीनों सम्मान अपनी मां जी और पिताजी की स्मृति में पेंशनर्स परिकल्प के सम्पादक, श्री शिव शंकर द्विवेदी, संयुक्त सचिव (से.नि.), उत्तर प्रदेश शासन के सौजन्य से दिये जाते हैं।
उक्त के अतिरिक्त उत्तर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन द्वारा 80 वर्ष से अधिक आयु के 07 वरिष्ठ पेंशनर्स को भी सम्मानित किया गया, जिनके नाम हैं श्री धर्मवीर सिंह,श्री गंगा प्रसाद सिंह, श्रीयुत् श्रीप्रकाश चंद्र,श्री रामनरेश त्रिपाठी,श्री गुरु प्रसाद,श्री चंद्र प्रकाश त्रिपाठी एवं श्री प्रमोद कुमार शर्मा। उल्लेखनीय है कि श्री प्रमोद कुमार शर्मा वर्तमान में उतर प्रदेश सचिवालय पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।
सम्मान की श्रृंखला में पत्रिका के सम्पादक श्री सुरेन्द्र विक्रम अस्थाना एवं श्री शिव शंकर द्विवेदी भी सम्मानित हुए।
समारोह में उपस्थित पेंशनर्स को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री मनोज कुमार सिंह जी ने आग्रह किया कि पेंशनर्स स्वयं को निष्क्रिय न समझें अपितु स्वयं को अपने स्वास्थ्य तथा समाज के हित के लिए समर्पित होने की मनःस्थिति में रखें ।
विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित श्री के. रविन्द्र नायक जी ने अपेक्षा व्यक्त की कि सचिवालय प्रशासन विभाग पेंशनर्स के सेवा नैवृत्तिक देयकों एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति के देयकों का समय से भुगतान करने की उस व्यवस्था को आगे भी जारी रखेंगे जिसका आरम्भ उनके कार्यकाल में हुआ था।
अधिवेशन में उपस्थित होने के लिए महत्वपूर्ण समय निकालने वाले मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट सहित अन्य सभी पेंशनर्स का एसोसिएशन के संरक्षक श्री श्याम सुन्दर अग्निहोत्री व अध्यक्ष श्री पी०के० शर्मा द्वारा स्वागत / सम्मान किया गया।
पेंशनर्स परिकल्प, 2025 के सम्पादक श्री शिव शंकर द्विवेदी द्वारा पत्रिका में
उपलब्ध सामग्री का उल्लेख करते हुए पत्रिका में उपलब्ध सामाग्रियों को पेंशनर्स के लिए उपयोगी के रूप में प्रस्तुत किया गया। उन्होंने अपेक्षा व्यक्त की कि पेंशनर्स अपने दायित्वों का पालन करने की मनोदशा में स्वयं को तत्पर रखें।
समारोह में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि सहित अन्य सभी पेंशनर्स का धन्यवाद ज्ञापन एसोसिएशन के उपाध्यक्ष श्री राधेश्याम ओझा ने किया तो समारोहों का कुशलतापूर्वक संचालन संगठन के सचिव ,श्रीएन.पी.त्रिपाठी जी ने किया।
शिव शंकर द्विवेदी,
सम्पादक,
पेंशनर्स परिकल्प।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *