महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना पुनीत कार्य : अनीता सिंह
अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट की 30 दिवसीय सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन
जौनपुर, 23 जून । सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय संस्था अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से आयोजित 30 दिवसीय निःशुल्क सौंदर्य प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन समारोह सोमवार को टीप-टॉप ब्यूटी पार्लर, टीडी कॉलेज दक्षिणी गेट स्थित प्रशिक्षण केंद्र पर संपन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारंभ कोतवाली की पहली महिला कोतवाल अनीता सिंह एवं साइबर सेल की महिला थाना प्रभारी नीलम सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। ट्रस्ट की अध्यक्ष उर्वशी सिंह ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक कार्यों की जानकारी दी।
मुख्य अतिथि अनीता सिंह ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनाना एक नेक और पुनीत कार्य है। उन्होंने कहा कि अतुल्य वेल्फेयर ट्रस्ट द्वारा महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण देकर सशक्त बनाने की दिशा में किया जा रहा कार्य सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शासन-प्रशासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी संस्था को दिलाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे ऐसे कार्यक्रमों का और विस्तार हो सके।
उन्होंने मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी दी। विशिष्ट अतिथि नीलम सिंह ने भी महिलाओं को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
समारोह में प्रशिक्षक सीमा गुप्ता एवं क्षमा सिंह के साथ अतिथियों ने प्रशिक्षण प्राप्त करने वाली महिलाओं और बालिकाओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया। प्रतियोगिता के विभिन्न वर्गों में प्रियंका मौर्य को बेस्ट मेकअप, तनुप्रिया सिंह को बेस्ट हेयर कट, वंदना सोनकर को हेयर डू तथा साहिबा अफसर को बेस्ट स्किन श्रेणी में सम्मानित किया गया।
प्रशिक्षण कार्यशाला में सुधा सिंह, रीना, आलिया, सुमन, मिनू और अनीता ने प्रशिक्षक के रूप में योगदान दिया। कार्यक्रम के अंत में महासचिव राधिका सिंह एवं नीलम मिश्रा ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त
किया।

