माँ भागीरथी तट पर गंगा भक्तों ने किया भागीरथ आसन*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत जिला गंगा समिति एवं वन विभाग, शाहजहाँपुर द्वारा माँ गंगा के पावन तट ढाई घाट पर 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रियांशु रघुवंशी एवं विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. विनय शर्मा द्वारा माँ गंगा के चित्र पर माल्यार्पण एवं ओम् ध्वनि के साथ किया गया।भारतीय योग संस्थान के प्रशिक्षक अरविन्द मिश्रा ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित योग प्रोटोकॉल के अनुसार उपस्थित गंगा भक्तों एवं ग्रामीणों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया तथा उनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर भागीरथ आसन, मकरासन, वृक्षासन, शीतली प्राणायाम, कपालभाति एवं अन्य योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। गंगा तट पर सामूहिक योगाभ्यास का दृश्य अत्यंत प्रेरणादायक एवं आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने वाला रहा मुख्य अतिथि प्रियांशु रघुवंशी ने कहा कि “योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और संतुलित जीवन का आधार है। नियमित योग से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनता है।”
विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी भाजपा डॉ. विनय शर्मा ने सभी को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक धर्म प्रकाश ने गंगा को भारत की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक धरोहर बताते हुए कहा कि योग, तप और साधना की परंपरा भारतीय संस्कृति की अमूल्य विरासत है। ग्राम विकास अधिकारी राकेश सिंह ने कहा कि माँ गंगा के तट पर योगाभ्यास करने से तन के साथ-साथ मन को भी अद्भुत शांति एवं सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।
योग सत्र के उपरांत सभी गंगा भक्तों ने गंगा तट पर स्वच्छता एवं श्रमदान कर स्वच्छ गंगा–निर्मल गंगा का संदेश दिया। कार्यक्रम का संचालन करते हुए जिला परियोजना अधिकारी डॉ. विनय कुमार सक्सेना ने उपस्थित जनसमुदाय को गंगा संरक्षण एवं स्वच्छता की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम संयोजक मैथिलीशरण गुप्त ने गंगा समग्र एवं जिला गंगा समिति की ओर से माँ गंगा की प्रतिमा भेंट कर अतिथियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं क्षेत्रीय वनाधिकारी विशाल रावत द्वारा लोक भारती के महानगर संयोजक आलोक मिश्रा, करणी सेना अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह, नारायण स्वरुप ब्रह्मचारी, गंगा ग्राम पैलानी उत्तर के ग्राम प्रधान रिज़वान, मेरा युवा भारत के स्वयंसेवी हर्ष पाण्डेय एवं अंश गुप्ता, जिला संयोजक गंगा समग्र करुणाशंकर बाजपेयी तथा कछुआ मित्र ग्राम पहारुआ की टीम को गंगा संरक्षण एवं सामाजिक योगदान के लिए स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में गंगा समग्र, वन विभाग जलालाबाद रेंज, कछुआ मित्र ग्राम पहारुआ, मेरा युवा भारत, करणी सेना तथा विभिन्न गंगा ग्रामों से आए गंगा प्रेमियों का विशेष सह
योग रहा।

