मीरगंज-पवारा पुलिस मुठभेड़ में शातिर अपराधी घायल गिरफ्तार
जौनपुर,07 मई। यूपी के जौनपुर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मीरगंज और थाना पवारा पुलिस की संयुक्त टीम ने बुधवार रात मुठभेड़ के दौरान एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सीएचसी मछलीशहर भेजा गया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक तमंचा, कारतूस और मोटरसाइकिल बरामद की है।इस मामले में गुरुवार को जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी मछलीशहर प्रतिमा वर्मा ने बताया कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम कुंवरपुर तिराहे पर चेकिंग कर रही थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि एक अपराधी अवैध असलहे के साथ भागने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी की। इसी दौरान चितांव की ओर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस को देखकर उसने बाइक मोड़ने का प्रयास किया, लेकिन बाइक फिसलने से वह गिर गया। पुलिस के पकड़ने का प्रयास करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी घायल हो गया।
पूछताछ में आरोपी की पहचान मो. उमर पुत्र सुहेल अहमद निवासी ग्राम चोरसण्ड, थाना गौराबादशाहपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर, कारतूस बाइक बरामद किया है। आरोपी पर हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम समेत कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है
।

