युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह हाउस अरेस्ट
सीएम के आगमन से पहले पुलिस ने घर में नजरबंद किया
प्रयागराज। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयागराज आगमन से पहले पुलिस ने सोमवार को युवा मंच के प्रदेश अध्यक्ष अनिल सिंह को हाउस अरेस्ट कर लिया है। सुबह पांच बजे से ही उनको पुलिसकर्मियों ने घर में नजरबंद किया है।
युवा मंच के नेतृत्व में पिछले कई दिनों से सिविल लाइंस के पत्थर गिरजाघर स्थित धरनास्थल पर छात्र आंदोलन कर रहे हैं। जिनकी मांग है कि सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में टीजीटी-पीजीटी की भर्ती पुरानी नियमावली के आधार पर ही कराई जाए।
मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान कोई भी अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो, इसलिए पुलिस ने यह एहतियाती कदम उठाया है। पत्थर गिरजाघर स्थित धरनास्थल पर भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। सिविल लाइंस पुलिस ने इलाके में पहले से ही धारा 163 लागू कर रखी है, जिसके चलते किसी भी प्रकार के विरोध प्रदर्शन या भीड़ जुटने की अनुमति नहीं है।
हालांकि टीजीटी-पीजीटी अभ्यर्थियों का शांतिपूर्ण धरना 15वें दिन भी जारी है। वहीं, मांगों को लेकर अभ्यर्थी पिछले 10 दिनों से आमरण अनशन पर बैठे हैं। लगातार अनशन के कारण कई अभ्यर्थियों की तबीयत बिगड़ने लगी है और उनका वजन भी कम हुआ है।

