राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक कुमार मिश्रा का रेडक्रॉस द्वारा सम्मान*
*ब्यूरो रिपोर्ट-जनार्दन श्रीवास्तव*
*शाहजहांपुर* राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ विवेक कुमार मिश्रा का शॉल ओढ़ाकर, पुष्पमाला व रेडक्रॉस मेडल पहनाकर , स्मृति-चिह्न एवं प्रशस्ति-पत्र रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ विजय जौहरी द्वारा ससम्मान प्रदान कर सम्मानित किया गया।
प्रशस्ति-पत्र में डॉ विवेक कुमार मिश्रा के जनपद में उत्कृष्ट स्वास्थ्य प्रबंधन, जनकल्याणकारी स्वास्थ्य सेवाओं के कुशल संचालन तथा स्वास्थ्य विभाग एवं इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के मध्य प्रभावी समन्वय स्थापित कर मानव सेवा के क्षेत्र में दिए गए उल्लेखनीय योगदान की सराहना की गई। सीएमओ डॉ विवेक कुमार मिश्रा ने अपने संबोधन में कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी मानवता, सेवा और समर्पण का सशक्त प्रतीक है। रेडक्रॉस द्वारा आयोजित स्वास्थ्य शिविर, रक्तदान अभियान, आपदा राहत, जन-जागरूकता एवं अन्य मानवीय सेवाएँ समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायी हैं। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग और रेडक्रॉस का यह समन्वय भविष्य में भी जनहित में और अधिक प्रभावी ढंग से कार्य करता रहेगा।
रेडक्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ विजय जौहरी ने कहा कि डॉ विवेक कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन एवं सहयोग से जनपद में अनेक स्वास्थ्य एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम सफलतापूर्वक संचालित हुए हैं। उनके सहयोग से रेडक्रॉस की मानवीय सेवाओं को नई गति, नई ऊर्जा और व्यापक जनविश्वास प्राप्त हुआ है।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने डॉ विवेक कुमार मिश्रा की जनस्वास्थ्य के प्रति समर्पित सेवाओं तथा इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा संचालित मानवतावादी कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए जनहित में ऐसे समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने का संकल्प व्यक्त किया। इस अवसर पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्साधिकारी उस्मान अली खान, डॉ मसरूर अहमद,डॉ मुजीब खान, सीटू के जिलाअध्यक्ष मुरारी दीक्षित, टीवी क्लिनिक के आशीष श्रीवास्तव, ओम जन कल्याण विकलांग समिति के अध्यक्ष बालकृष्ण पाण्डेय, बृजेश गुप्ता, रवि बाबू, रेडक्रॉस के आजीवन सदस्य अवनीश सक्सेना, नवजोत सिंह आदि कई रेडक्रॉस के सदस्य व कार्यकर्ता लोग शामिल रहे।

