जौनपुर विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से कराने को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में तैनात उड़न दस्ता, सचल दस्ता, एमसीएमसी की बैठक कलेक्ट्रट सभागार में की गयी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने एसएसटी टीम को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग के गाइड लाइन का पालन करते हुए पूरी निष्पक्षता एवं ईमानदारी के साथ कार्य करें। संदिग्ध वाहनों की चेकिंग गहनता से करे एवं इस दौरान वीडियोग्राफी अवश्य कराये। उन्होंने निर्देश दिया कि संदिग्ध प्रतीत होने पर महिलाओं की तलाशी महिला आरक्षी द्वारा ही की जाएगी।
एफएसटी टीम अपने-अपने विधान सभा क्षेत्रों में भ्रमणशील रहते हुए नकदी का अवैध आदान-प्रदान, शराब का वितरण या अन्य कोई संदेहास्पद वस्तुएं आदि की आवाजाही पर गहनता से निगरानी रखे। उन्होंने कहा कि निर्वाचन के कार्य मे लापरवाही न की जाए। सभी टीमों के प्रभारी अधिकारी को निर्देश दिया कि आवश्यक सूचनाएं समय से उपलब्ध कराए। वरिष्ठ कोषाधिकारी सुनील कुमार को टीमो की प्रतिदिन मॉनिटरिंग करने के निर्देश जिलाधिकारी द्वारा दिये गये।
बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि सोशल मीडिया की मॉनिटरिंग गम्भीरता से की जाय।
इस अवसर पर उपजिला निर्वाचन अधिकारी रामप्रकाश, नगर मजिस्ट्रेट अनिल अग्निहोत्री, ज्वाइट मजिस्ट्रेट हिमाशु नागपाल, जिला सूचना अधिकारी मनोकामना राय सहित अन्य प्रभारी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

