विश्व पर्यावरण दिवस पर महर्षि विश्वविद्यालय में “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित
लखनऊ, 05 जून 2026।विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) द्वारा संचालित राष्ट्रव्यापी “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान 2026-27 के अनुपालन में महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (MUIT), लखनऊ परिसर में विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर एक भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. गिरीश छिम्मवाल, उप कुलसचिव डॉ. राजेश सिंह, परीक्षा नियंत्रक डॉ. के. के. शुक्ला, डीन अकादमिक्स डॉ. नीरज जैन, मिशन लाइफ के नोडल अधिकारी डॉ. मुकेश पाण्डेय, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई-1 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सपन अस्थाना तथा NSS इकाई-2 के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. आर. पी. दीक्षित सहित विभिन्न संकायों के अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, शिक्षकगण, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर भानु प्रताप सिंह ने सभी को बधाई संदेश प्रेषित किया और कहा कि पर्यावरण संरक्षण हम सबकी नैतिक और शीर्ष प्राथमिकता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए प्रतिभागियों द्वारा नीम, आम, जामुन सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण ,किया गया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पेड़ न केवल जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में सहायक हैं, बल्कि जैव विविधता के संरक्षण और स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वक्ताओं ने युवाओं से पर्यावरणीय जिम्मेदारी निभाने तथा सतत विकास के सिद्धांतों को अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण एवं हरित जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प भी लिया।
इस अवसर पर महर्षि विश्वविद्यालय ने पर्यावरणीय स्थिरता एवं प्रकृति संरक्षण से संबंधित राष्ट्रीय अभियानों के प्रति अपने निरंतर सहयोग और प्रतिबद्धता को पुनः दोहराया तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक स्वच्छ, हरित एवं स्वस्थ भविष्य के निर्माण का संदेश दिया।

