वीआईपी ड्यूटी से गायब होने पर 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर

वीआईपी ड्यूटी से गायब होने पर 40 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
प्रयागराज। मुख्यमंत्री आगमन के दौरान  वीआईपी ड्यूटी में लापरवाही बरतने पर 40 पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। इन सभी को लाइन हाजिर कर दिया गया है। 14 सितंबर को हाईकोर्ट में आयोजित कार्यक्रम के दौरान इन पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।
बताया जा रहा है कि वीआईपी कार्यक्रम को लेकर जनपद के अलग-अलग थानों से पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी। इनमें 53 पुलिसकर्मियों को बी टीम में रखा गया था। इन्हें स्टैंडबाई मोड में रखा गया था, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल मौके पर तैनात किया जा सके। सूत्रों के मुताबिक, बी टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने अपनी ड्यूटी के लिए संबंधित थानों से रवानगी कराई थी। इसके बाद पुलिस लाइन में आमद भी दर्ज कराई गई। हालांकि, इसके बाद निर्धारित स्थान पर मौजूद रहने के बजाय कई पुलिसकर्मी वहां से चले गए।
कार्यक्रम के दौरान जब स्टैंडबाई टीम के पुलिसकर्मियों की जरूरत पड़ी और उनकी तलाश की गई तो 53 में से 40 पुलिसकर्मी मौके पर मौजूद नहीं मिले। ड्यूटी से अनुपस्थित पाए जाने के बाद मामले की जानकारी अधिकारियों तक पहुंची। इसके बाद सभी 40 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *