संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल के सदस्य सम्मान समारोह में व्यापारियों की समस्याओं पर हुआ मंथन
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता जी का हुआ भव्य स्वागत, व्यापारी हितों के लिए हर स्तर पर संघर्ष का संकल्प
मछरेहटा, सीतापुर, 13 सितंबर 2026।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल द्वारा रविवार, 13 सितंबर 2026 को जनपद सीतापुर के मछरेहटा में सदस्य सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में व्यापारीगण एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुश्री गीता गुप्ता जी का व्यापारियों एवं संगठन के पदाधिकारियों द्वारा पुष्पमाला पहनाकर एवं आत्मीय स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में माननीय राष्ट्रीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष श्रीमान रानू सिंह ,प्रदेश अध्यक्ष श्रीमान अभिषेक पाल जी, जी, आदरणीय राष्ट्रीय प्रभारी, श्रीमान विष्णु शंकर तिवारी जी, प्रदेश प्रभारी, श्रीमान कासिम कुरैशी जी, प्रदेश उपाध्यक्ष, श्रीमान सत्या यादव जी, आदरणीय अर्चना मिश्रा जी, श्रीमान दारा जी, सीतापुर जिला अध्यक्ष, श्रीमान कृष्णा अवस्थी जी, जिला उपाध्यक्ष, श्रीमान राजीव रस्तोगी जी, सहित सीतापुर जनपद के अनेक पदाधिकारी एवं व्यापारीगण उपस्थित रहे।
समारोह में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की ओर से संगठन के सदस्यों एवं स्थानीय व्यापारियों का सम्मान किया गया। इस दौरान व्यापारियों ने अपनी विभिन्न स्थानीय एवं व्यापारिक समस्याओं को संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के समक्ष रखा।
व्यापारियों की समस्याओं पर हुई विस्तृत चर्चा
बैठक में सीतापुर जनपद के बाजारों में व्यापारियों के सामने आ रही विभिन्न समस्याओं पर गंभीरता से चर्चा की गई। विशेष रूप से बाजारों में लगातार लगने वाला जाम, अव्यवस्थित यातायात, दुकानों के आसपास अवैध पार्किंग, सड़क एवं बाजारों में अतिक्रमण, नालियों की नियमित सफाई का अभाव, जलभराव, खराब सड़कें, बाजारों में साफ-सफाई की समस्या, स्ट्रीट लाइट एवं प्रकाश व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, व्यापारिक क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था तथा ग्राहकों के लिए पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था जैसे विषय प्रमुख रूप से सामने आए।
व्यापारियों ने कहा कि बाजारों में जाम और अव्यवस्थित पार्किंग के कारण ग्राहकों को दुकानों तक पहुंचने में परेशानी होती है, जिसका सीधा प्रभाव व्यापार पर पड़ता है। वहीं, अतिक्रमण एवं जलनिकासी की समस्या के कारण बरसात के समय कई बाजारों में व्यापारियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
बैठक में यह भी चर्चा हुई कि प्रशासन एवं व्यापारियों के बीच नियमित संवाद स्थापित किया जाना चाहिए, ताकि किसी भी कार्रवाई से पहले व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को समझा जा सके और व्यापारिक गतिविधियों को प्रभावित किए बिना बाजारों को व्यवस्थित एवं अतिक्रमणमुक्त बनाने की दिशा में व्यावहारिक समाधान निकाला जा सके।
थाना प्रभारी ने व्यापारियों से किया संवाद
कार्यक्रम के दौरान मछरेहटा थाना प्रभारी, श्रीमान रजनेश वर्मा जी ने भी व्यापारियों से संवाद किया। उन्होंने बाजार में यातायात एवं ट्रैफिक व्यवस्था से संबंधित समस्याओं पर व्यापारियों के साथ चर्चा की तथा व्यापारियों की बातों को गंभीरता से सुना।
थाना प्रभारी एवं व्यापारियों के बीच बाजार में जाम की स्थिति, वाहनों की पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा व्यापारिक प्रतिष्ठानों के आसपास आवागमन को सुचारु बनाए रखने को लेकर चर्चा हुई। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से अपेक्षा जताई कि बाजार की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नियमित निगरानी एवं आवश्यक कार्रवाई की जाए।
“व्यापारी की समस्या, संगठन की समस्या है” — सुश्री गीता गुप्ता
इस अवसर पर संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष सुश्री गीता गुप्ता जी ने कहा कि,
“संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यापारी की आवाज को मजबूती के साथ उठाना है। व्यापारी चाहे छोटा हो या बड़ा, उसकी समस्या संगठन की समस्या है। हम व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं अधिकारों के लिए हर स्तर पर आवाज उठाते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि सीतापुर जनपद के व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर चिन्हित किया जाएगा और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित विभागों एवं प्रशासनिक अधिकारियों के समक्ष समस्याओं को लिखित रूप से रखकर उनके समाधान की मांग की जाएगी।
उन्होंने व्यापारियों से भी अपील की कि वे अपनी समस्याओं को संगठित रूप से सामने रखें और व्यापारी एकता एवं संगठन की मजबूती को प्राथमिकता दें।
व्यापारियों ने लिया संगठन को मजबूत करने का संकल्प
कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की गतिविधियों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापारियों को एक ऐसे मजबूत संगठन की आवश्यकता है, जो उनकी समस्याओं को प्रशासन तक पहुंचाने के साथ-साथ उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास करे।
सभी उपस्थित पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने संकल्प लिया कि सीतापुर जनपद के प्रत्येक बाजार, कस्बे एवं क्षेत्र के व्यापारियों को संगठन से जोड़ा जाएगा तथा स्थानीय समस्याओं को चिन्हित कर संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाया जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल की राष्ट्रीय अध्यक्ष, सुश्री गीता गुप्ता जी ने समस्त सीतापुर टीम, पदाधिकारियों एवं व्यापारी भाइयों-बहनों का आभार व्यक्त किया और कहा कि संगठन आगे भी व्यापारी8 हितों के लिए निरंतर सक्रिय रहेगा।
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल का स्पष्ट संदेश है—
“संगठन सर्वोपरि, व्यापारी हित सर्वोपरि।”
जारीकर्ता:
संयुक्त उद्योग व्यापार मंडल

