सरयू नदी में नहाते समय दो किशोरों की डूबने से हुई मौत
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।बुधवार को होली की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं।जब अयोध्या के रौनाही थाना क्षेत्र स्थित कलाफरपुर घाट पर सरयू नदी में नहाते समय दो किशोरों की डूबने से मौत हो गई।वहीं, दो अन्य को ग्रामीणों की सूझबूझ से सुरक्षित बचा लिया गया।घटना के बाद मुबारकगंज गांव में शोक की लहर है।मिली जानकारी के मुताबिक होली के दिन मुबारकगंज गांव निवासी सुमित (15) पुत्र धर्मचंद, राज सैनी (16) पुत्र हरिओम सैनी, ऋषभ सैनी (17) पुत्र रमेश सैनी, अनूप सैनी (15) पुत्र स्वामीनाथ सैनी और विशाल सैनी (16) पुत्र लालजी सैनी होली खेलने के बाद सरयू नदी में स्नान करने गए थे।बताया जा रहा है कि नहाते समय चार किशोर अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत नदी में कूद पड़े।जिसमे दो युवको को ग्रामीणों ने बचा लिया वही दो को नहीं बचा सके।ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद अनूप सैनी और विशाल सैनी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हालांकि सुमित और राज सैनी गहरे पानी में समा गए। काफी तलाश के बाद दोनों के शव नदी से बरामद किए गए।सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई।दोनों किशोरों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रौनाही ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना की सूचना मिलते ही सीओ सदर अरविंद सोनकर भी अस्पताल पहुँच गये।थाना प्रभारी रौनाही लालचंद सरोज ने बताया कि शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

