सावन के पहले सोमवार पर गहनाग बाबा व आस्तीक बाबा मेले की सुरक्षा को लेकर एसडीएम,सीओ ने किया स्थलीय निरीक्षण
(डॉक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।सावन माह के पहले सोमवार से शुरू होने वाले प्रसिद्ध गहनाग बाबा एवं पौराणिक आस्तीक बाबा मेले को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए मिल्कीपुर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा,सीओ मिल्कीपुर पीयूष तथा थाना प्रभारी निरीक्षक इनायतनगर राजेश सिंह ने पुलिस बल के साथ दोनों मेला स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने अयोध्या-रायबरेली राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे स्थित गहनाग बाबा देवस्थान तथा थाना इनायतनगर से लगभग पांच किलोमीटर दूर 84 कोसी परिक्रमा मार्ग के समीप स्थित हजारों वर्ष पुराने पौराणिक मंदिर आस्तीक बाबा देवस्थान का भ्रमण किया। सावन के पहले सोमवार को दोनों स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा की गई।उप जिलाधिकारी पवन कुमार शर्मा व सीओ मिल्कीपुर पीयूष ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।मेले में महिला उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मियों के साथ थाना इनायतनगर पुलिस, अतिरिक्त पुलिस बल तथा पीएसी की तैनाती की जाएगी।संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से भी अपील की है कि वे यातायात एवं सुरक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।अधिकारियों ने विश्वास जताया कि प्रशासन और जनता के सहयोग से सावन का मेला शांतिपूर्ण, व्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न होगा।

