12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 21 जून को श्रीराम की पैड़ी पर होगा भव्य जनपद स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम- क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह विष्णु*

*12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 के अवसर पर 21 जून को श्रीराम की पैड़ी पर होगा भव्य जनपद स्तरीय योगाभ्यास कार्यक्रम- क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. महेंद्र सिंह विष्णु*

 

अयोध्या (डीकेयू लाइव ब्यूरो चीफ) सुरेंद्र कुमार। आयुष मंत्रालय, भारत सरकार एवं उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस-2026 का आयोजन जनपद अयोध्या में व्यापक स्तर पर किया जा रहा है। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” (स्वस्थ आयु के लिए योग) निर्धारित की गई है, जो प्रत्येक आयु वर्ग के लोगों को योग के माध्यम से स्वस्थ, सक्रिय एवं निरोग जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करती है।

माननीय प्रधानमंत्री जी की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को जन-जन का उत्सव बनाने के उद्देश्य से 15 जून से 21 जून 2026 तक पूरे देश में योग सप्ताह मनाया जा रहा है। इसी क्रम में जनपद अयोध्या में भी योग सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न विकास खण्डों, तहसीलों, ग्राम पंचायतों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य इकाइयों तथा सार्वजनिक स्थलों पर कॉमन योग प्रोटोकॉल आधारित प्रशिक्षण, योगाभ्यास सत्र, जनजागरूकता कार्यक्रम एवं योग प्रचार-प्रसार गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है।

21 जून 2026 को प्रातः 5:30 बजे श्रीराम की पैड़ी, अयोध्या में जनपद स्तरीय मुख्य योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री जे.पी.एस. राठौर, सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार), उत्तर प्रदेश सरकार होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी, अयोध्या द्वारा की जाएगी।

आयुष विभाग द्वारा कार्यक्रम हेतु महापौर अयोध्या, माननीय सांसद, जनपद के समस्त माननीय विधायकगण, जनपद स्तरीय वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारीगण तथा अन्य गणमान्य नागरिकों को आमंत्रण पत्र प्रदान किए जा रहे हैं, जिससे इस राष्ट्रीय अभियान में व्यापक जनसहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

जनपद स्तरीय मुख्य कार्यक्रम के अतिरिक्त जनपद की समस्त ग्राम पंचायतों, विकास खण्डों, तहसीलों, पुलिस लाइन, सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य संस्थानों तथा अन्य सरकारी एवं गैर-सरकारी प्रतिष्ठानों में भी सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अयोध्या द्वारा आयुष विभाग के नामित योग प्रशिक्षकों एवं मास्टर ट्रेनरों के माध्यम से तहसील, ब्लॉक एवं ग्राम पंचायत स्तर तक योगाभ्यास का व्यापक अभियान संचालित किया जा रहा है।

योग सप्ताह एवं अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के सफल आयोजन में पतंजलि योग संस्थान, गायत्री परिवार, ब्रह्माकुमारी, आरोग्य भारती, विश्व आयुर्वेद परिषद, विवेक सृष्टि, नारी सशक्तिकरण लाइफ फाउंडेशन सहित विभिन्न योग एवं सामाजिक संस्थाओं का सक्रिय सहयोग प्राप्त हो रहा है। आयुष विभाग द्वारा इन सभी संस्थाओं एवं योग प्रशिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें योग के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रोत्साहित किया गया है।

क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, अयोध्या डॉ. महेंद्र सिंह विष्णु ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे 21 जून 2026 को प्रातः 5:30 बजे श्रीराम की पैड़ी पहुंचकर सामूहिक योगाभ्यास में सहभागिता करें तथा अपने परिवार, मित्रों एवं परिचितों को भी इस महाअभियान में सम्मिलित करें। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की भारतीय जीवन पद्धति है।

अतः जनपद के सभी नागरिकों से अनुरोध है कि वे अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में अधिकाधिक संख्या में प्रतिभाग कर “स्वस्थ आयु के लिए योग” के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने में अपना योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *