18 लाख के 88 गुम मोबाइल बरामद, स्वामियों को लौटाए
सीईआईआर पोर्टल से मिली सफलता, नौ माह में 956 से अधिक मोबाइल बरामद
बाराबंकी। गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बाराबंकी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और थाना स्तर की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से तकनीकी विश्लेषण एवं ट्रैकिंग करते हुए करीब 18 लाख रुपये कीमत के 88 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के निर्देश पर आमजन के गुम हुए मोबाइल की शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए विशेष अभियान चलाया गया। इसी क्रम में सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीमों ने सीईआईआर पोर्टल के जरिए मोबाइल फोन को ट्रैक कर बरामद किया। रविवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में आयोजित कार्यक्रम में सहायक पुलिस अधीक्षक मोहम्मद आफताब आलम एवं क्षेत्राधिकारी सदर आलोक कुमार पाठक ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे। लंबे समय बाद अपना मोबाइल और उसमें सुरक्षित महत्वपूर्ण डाटा वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों ने बाराबंकी पुलिस का आभार जताया। पुलिस के अनुसार, मोबाइल रिकवरी टीम ने पिछले नौ माह में 956 से अधिक मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ 91 लाख रुपये है। बरामद मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए गए हैं। पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तत्काल नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं अथवा सीईआईआर पोर्टल पर ऑनलाइन रिपोर्ट करें। पुलिस ने बताया कि सीईआईआर के माध्यम से गुम मोबाइल को ब्लॉक करने के साथ उसकी ट्रैकिंग और बरामदगी में मदद मिलती है। कार्यक्रम में लोगों को साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी देते हुए साइबर हेल्पलाइन 1930 और बलइमतबतपउमण्हवअण्पद पर शिकायत दर्ज कराने के संबंध में भी जागरूक किया गया। मोबाइल बरामदगी अभियान में सर्विलांस सेल प्रभारी उपनिरीक्षक अजय सिंह, हेड कांस्टेबल मजहर अहमद, चन्द्रभान, बृजेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीण शुक्ल, शैलेन्द्र कुमार, अंकुर, रवीन्द्र कुमार, महिला कांस्टेबल सुनिधि पाण्डेय तथा सभी थानों की सीईआईआर पोर्टल टीम का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

