25.47 करोड़ की सौगात: क्यामपुर में बनेगा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मुख्यमंत्री का जताया आभा, कहा, ‘बदल जाएगी ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर

25.47 करोड़ की सौगात: क्यामपुर में बनेगा सीएम मॉडल कंपोजिट विद्यालय
राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने मुख्यमंत्री का जताया आभा, कहा, ‘बदल जाएगी ग्रामीण शिक्षा की तस्वीर’

पाटेश्वरी प्रसाद
बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत क्यामपुर को प्रदेश सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में एक बड़ी सौगात दी है। अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत यहां मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना के लिए 2547.26 लाख (25.47 करोड़ रुपये) की लागत स्वीकृत की गई है। इस महत्वपूर्ण निर्णय से पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों, अभिभावकों, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने इसे क्षेत्र के शैक्षिक विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया है। ग्रामीण अंचलों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार लगातार प्रयासरत है। क्यामपुर में बनने वाला मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय इसी सोच का परिणाम माना जा रहा है। यह विद्यालय न केवल बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करेगा, बल्कि आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और तकनीकी संसाधनों से भी उन्हें जोड़ने का कार्य करेगा। ज्ञातव्य हो कि प्रस्तावित विद्यालय में अत्याधुनिक कक्षाएं, स्मार्ट क्लास, विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशालाएं, समृद्ध पुस्तकालय, खेल मैदान, शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के लिए दूर-दराज के विद्यालयों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। राज्यमंत्री एवं स्थानीय विधायक सतीश शर्मा का मानना है कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त विद्यालय बच्चों की बौद्धिक, मानसिक और शारीरिक क्षमता के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं और उच्च शिक्षा के लिए भी बेहतर आधार मिलेगा। प्रदेश सरकार द्वारा स्वीकृत यह परियोजना मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की उस सोच को दर्शाती है, जिसके तहत शिक्षा को विकास का सबसे सशक्त माध्यम माना गया है। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच शैक्षिक सुविधाओं की खाई को कम किया जाए तथा प्रत्येक बच्चे को समान अवसर उपलब्ध हो। श्री शर्मा का कहना है कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहा है। क्यामपुर में मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना भी इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण पड़ाव है। परियोजना की स्वीकृति की खबर मिलते ही क्यामपुर समेत आसपास के गांवों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि यह केवल एक विद्यालय नहीं, बल्कि क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव है। शिक्षा के क्षेत्र में मिली यह बड़ी सौगात निश्चित रूप से दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के विकास इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
बाक्स
विद्यार्थियों के भविष्य को मिलेगा नया आयाम
राज्यमंत्री सतीश शर्मा का मानना है कि विद्यालय बनने से बच्चों को आधुनिक शिक्षा के साथ-साथ बेहतर वातावरण मिलेगा, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा और वे भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए तैयार हो सकेंगे। विशेष रूप से ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि अब क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे समय और धन दोनों की बचत होगी तथा शिक्षा का स्तर भी ऊंचा उठेगा।
बाक्स
विकास की नई पहचान बनेगा क्यामपुर
क्षेत्रीय लोगों ने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री मॉडल कंपोजिट विद्यालय की स्थापना से क्यामपुर केवल एक ग्राम पंचायत तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि शिक्षा के क्षेत्र में एक आदर्श केंद्र के रूप में अपनी पहचान बनाएगा। यह परियोजना आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मजबूत शैक्षिक आधार तैयार करेगी और क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को भी नई दिशा देगी। ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय उनके ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को साकार करने वाला कदम है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *