7 अगस्त को निकलेगी बोल बम कांवरिया संघ की भव्य शोभायात्रा, सुल्तानगंज से लाया जाएगा पवित्र जल
जौनपुर। बोल बम कांवरिया संघ, जौनपुर की ओर से श्रावण मास की तैयारियों को लेकर एक आवश्यक बैठक शंभूगंज स्थित शिव मंदिर परिसर में संपन्न हुई। बैठक में संघ के पदाधिकारियों, संरक्षक मंडल एवं सदस्यों ने आगामी कांवड़ यात्रा और भव्य शोभायात्रा के आयोजन को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिए।
बैठक में सर्वसम्मति से तय किया गया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्रावण मास में भव्य शोभायात्रा एवं कांवड़ यात्रा का आयोजन किया जाएगा। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि 7 अगस्त (शुक्रवार) को प्रातःकाल हनुमान घाट स्थित चौरा माता मंदिर से भगवान शिव की आकर्षक झांकी एवं घोड़ों के साथ शोभायात्रा निकाली जाएगी।
शोभायात्रा सद्भावना पुल, कजगांव पड़ाव, ओलंदगंज, शाही पुल, कोतवाली चौराहा, सब्जी मंडी, सुत्तहट्टी बाजार, अहियापुर एवं भंडारी रेलवे स्टेशन होते हुए आगे बढ़ेगी। इसके बाद श्रद्धालु ट्रेन द्वारा सुल्तानगंज के लिए रवाना होंगे, जहां से पवित्र गंगाजल भरकर बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगे और भगवान शिव का जलाभिषेक करेंगे।
बैठक में आयोजन को भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने पर भी चर्चा हुई। यह निर्णय संघ के संरक्षक मंडल, पदाधिकारियों, सम्मानित सदस्यों तथा अध्यक्ष सुधीर कुमार साहू, महासचिव विमल सिंह एवं समस्त बम भाइयों की सहमति से लिया गया।
संघ के पदाधिकारियों ने अधिक से अधिक शिवभक्तों से कांवड़ यात्रा में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपी
ल की।

