“वीएलई जागरूकता कार्यशाला का हुआ आयोजन
सीएससी (कॉमन सर्विस सेंटर) की ओर से चलाए जा रहे विशेष अभियान “वीएलई जागरूकता कार्यशाला” का आयोजन आज जनपद जौनपुर के कलेक्ट्रेट सभागार में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
इस कार्यशाला में जनपद के लगभग 150 वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर) ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र सिंह तथा सीएससी के स्टेट हेड राजेश मिश्रा की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी द्वारा जो वी.एल.ई. अच्छे फार्मर रजिस्ट्री में कार्य कर रहे थे उनको सम्मानित किया गया और सभी वी.एल.ई. को ज्यादा से ज्यादा फार्मर रजिस्ट्री तक केवाईसी करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सीएससी संचालकों द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने के क्रम में सीएससी संचालकों को मुख्य अतिथि द्वारा प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यशाला में सीएससी के व्यवसाय को और अधिक सशक्त एवं विस्तारित करने के विषय पर विस्तृत चर्चा की गई। उपस्थित सभी वीएलई बंधुओं से सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त कर सेवाओं के सुधार एवं विस्तार पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर महिला उद्यमियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए सीएससी वीएलई के रूप में महिलाओं की सहभागिता को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया गया।
कार्यक्रम में प्रेजेंटेशन के माध्यम से सीएससी द्वारा संचालित विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई, जिससे वीएलई को अपने कार्यक्षेत्र में और अधिक प्रभावी बनने में सहायता मिलेगी।
इसके अतिरिक्त, राज्य प्रमुख सीएससी राजेश मिश्रा द्वारा उपस्थित वीएलई की समस्याओं एवं सुझावों को गंभीरता से सुना गया तथा उनके समाधान हेतु आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया गया।
यह कार्यशाला सीएससी के माध्यम से डिजिटल सेवाओं के विस्तार एवं सशक्त ग्रामीण उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुई।
—————-
जौनपुर 25 अप्रैल 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-08
सिद्दीकपुर में ‘शिक्षा चौपाल’ का भव्य आयोजन, बच्चों की प्रतिभा ने बांधा समा
विकास खण्ड करंजाकला के ग्राम पंचायत सिद्दीकपुर में बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित ‘शिक्षा चौपाल’ कार्यक्रम का भव्य एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख श्री सुनील यादव उर्फ मम्मन द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया, जिसके साथ ही पूरे वातावरण में शिक्षा के प्रति जागरूकता और उत्साह का संचार हुआ। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही समाज और राष्ट्र के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान दें, ताकि बच्चे अपने भविष्य को सशक्त बना सकें।
कार्यक्रम के दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक एवं शैक्षिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि ने बच्चों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी जौनपुर डॉ0 गोरखनाथ पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं, नवाचारों और शिक्षा की गुणवत्ता सुधार के प्रयासों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में दिनेश सिंह, पूर्व प्रधान मोखन राम, दुष्यंत सिंह, शरद सिंह सहित क्षेत्र की मातृशक्ति, अभिभावक एवं शिक्षकगण बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया।

