ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से किशोरी की दर्दनाक मौत, माँ,बहन गंभीर रुप से घायल

ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में आने से किशोरी की दर्दनाक मौत, माँ,बहन गंभीर रुप से घायल

(डॉ अजय तिवारी जिला संवाददाता)

अयोध्या।मिल्कीपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोरी की दर्दनाक मौत हो गई,जबकि उसकी बहन और मां गंभीर रूप से घायल हो गईं।यह हादसा थाना इनायतनगर क्षेत्र के मंजनाई-गोठवारा संपर्क मार्ग पर स्थित एक मिडिल स्कूल के पास हुई।मिली जानकारी के मुताबिक, ग्राम गोठवारा पूरे नउवाढाक निवासी महिमा चौहान (16) पुत्री रामराज चौहान, अपनी बहन काजल (20) और मां राजकुमारी के साथ किसी काम के लिए गांव के बाहर जा रही थीं।इसी दौरान मिट्टी लदा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रॉली सड़क किनारे पलट गई और महिमा उसके नीचे दब गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।सूचना मिलते ही थाना इनायतनगर के प्रभारी निरीक्षक रतन कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ट्रॉली हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, जिसके बाद महिमा का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहन चला रहा था और उसके कान में इयरफोन लगा हुआ था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और वह वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर राधा भट्टा के पास मीठे गांव क्षेत्र में मिट्टी गिराने का कार्य करता है।हादसे में गंभीर रूप से घायल काजल को तत्काल जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं मां राजकुमारी को भी गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश जारी है।मृतका के पिता रामराज दिल्ली में एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं। परिवार में दो अन्य बेटे भी हैं। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *