ब्यूरो चीफ / राजेश गुप्ता
हापुड़ बृजघाट : गढ़मुक्तेश्वर के बृजघाट से शनिवार को ‘हिंदू जागो, घर-बेटी अस्तित्व बचाओ’ पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। श्रीपंचदशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर एवं शिवशक्ति धाम डासना के पीठाधीश्वर यति नरसिंहानंद गिरि के शिष्य यति महादेवानंद गिरि के नेतृत्व में शुरू हुई यह यात्रा गंगाजल लेकर गाजियाबाद स्थित दूधेश्वरनाथ मठ की ओर रवाना हुई।
यात्रा शुरू करने से पहले संतों और श्रद्धालुओं ने मां गंगा के तट पर भगवान महादेव और मां जगदंबा की पूजा-अर्चना कर सनातन धर्म की रक्षा, समाज को सद्बुद्धि, शक्ति और विजय प्रदान करने की प्रार्थना की। बृजघाट रामलीला कमेटी के अध्यक्ष पंडित गौरव मिश्रा, पंडित विनय मिश्रा, गजेंद्र त्यागी खिलवाई सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने अमृत परिसर में पदयात्रियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर महामंडलेश्वर यति नरसिंहानंद गिरि भी मौजूद रहे। उनके साथ महामंडलेश्वर यति मां प्रत्यंगिरा गिरि, स्वामी राम विशाल दास, स्वामी अभिराम दास सहित संत और श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने अमृत परिसर स्थित पारद शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित किया।
यति नरसिंहानंद गिरि ने कहा कि हिंदू समाज के सामने अपने अस्तित्व और भविष्य को लेकर गंभीर चुनौतियां हैं। उन्होंने हिंदुओं के लिए इजरायल की तर्ज पर अलग राष्ट्र की आवश्यकता बताते हुए कहा कि समाज को अपने भविष्य और सुरक्षा को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने बताया कि पदयात्रा के दौरान विभिन्न मंदिरों में भगवान महादेव और मां जगदंबा से सनातन धर्म की रक्षा, सद्बुद्धि, शक्ति और विजय की प्रार्थना की जाएगी। बृजघाट से ले जाया जा रहा गंगाजल दूधेश्वरनाथ मंदिर में भगवान महादेव को अर्पित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यात्रा के माध्यम से हिंदू समाज को एकजुट होने और अपनी जनसंख्या बढ़ाने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा। साथ ही सनातन वैदिक राष्ट्र की स्थापना के विचार को आगे बढ़ाने की बात कही गई।

