मा० राज्यमंत्री जी, विधायक जी, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने पीड़ित परिवारजन को दी सांत्वना
एफआईआर दर्ज, आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित
जनपद में खेतासराय के समीप घटित हृदयविदारक घटना जिसमें सरायख्वाजा निवासी आजाद बिंद की असमय मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है। यह घटना अत्यंत दुःखद है, साथ भी अंतर्मन को झकझोर देने वाली भी है।
आज माननीय विधायक शाहगंज श्री रमेश सिंह, जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र एवं पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह ने मृतक के घर पहुंचकर शोकाकुल परिजनों से भेंट कर उन्हें ढांढस बंधाया।
अधिकारीगण ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में जिला प्रशासन पूरी तरह से पीड़ित परिवार के साथ खड़ा है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि यह घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराध करने वाला निश्चित रूप से आपराधिक प्रवृत्ति का है तथा उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसके साथ ही उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि माननीय मुख्यमंत्री जी के निर्देश के क्रम में इस जघन्य अपराध में संलिप्त किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। अपराधियों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी, ताकि न्याय स्थापित हो और यह घटना समाज में एक सख्त संदेश के रूप में सामने आए।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु विशेष टीमों का गठन किया गया है तथा सभी संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने नागरिकों से शांति एवं संयम बनाए रखने की अपील की है, साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने का आग्रह भी किया है।
इससे पूर्व मा0 राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण श्री गिरीश चंद्र यादव जी ने भी परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की।
——————
जौनपुर 03 मई 2026 (सू0वि0) विज्ञप्ति संख्या-02
राजस्व मामलों के निस्तारण में जिला न्यायालयों में जौनपुर अव्वल
प्रदेश में राजस्व मामलों के निस्तारण में सख्ती का असर दिखने लगा है। राजस्व न्यायालय कंप्यूटरीकृत प्रबंधन प्रणाली की अप्रैल की रिपोर्ट के अनुसार पूरे प्रदेश में कुल 3,37,708 मामलों का निस्तारण हुआ। इसमें 18,861 मामलों के साथ लखनऊ पहले स्थान पर रहा। प्रयागराज 12,036 मामलों के साथ दूसरे और बाराबंकी 9,139 मामलों के साथ तीसरे स्थान पर रहा, जबकि आजमगढ 8,483 मामलों के साथ चौथे स्थान पर है। इसके अलावा बरेली ने 8,483 मामलों के साथ पांचवां और जौनपुर ने 8,274 मामलों के साथ छठवां स्थान प्राप्त किया।
जिला स्तरीय न्यायालयों में जौनपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 535 मामलों का निस्तारण किया, जो तय मानक से 214 प्रतिशत अधिक है। सुलतानपुर 370 मामलों के साथ दूसरे पर रहा।
जिलाधिकारी डॉ0 दिनेश चंद्र ने बताया कि जनपद में राजस्व मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निस्तारण के लिए लगातार समीक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें, जिससे आम जनता को शीघ्र न्याय मिल सके।
————

