दिल्ली में करोड़ों रुपये की नकली दवाएं बरामद
दिल्ली ब्यूरो चीफ: पी अस्थाना
दिल्ली :क्राइम ब्रांच ने नकली जीवन रक्षक दवाओं के एक बड़े अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने मुखर्जी नगर स्थित एक अवैध निर्माण और रीपैकेजिंग यूनिट का भी खुलासा किया है। यहां से करीब छह करोड़ रुपये की नकली दवाएं और मशीनें बरामद की गई हैं। क्राइम ब्रांच की ईस्टर्न रेंज प्रथम टीम ने 22 अप्रैल 2026 को एक विशेष टीम गठित की थी। यह टीम एसीपी सुनील श्रीवास्तव की निगरानी में दिल्ली क्षेत्र में नकली और सरकारी सप्लाई की दवाओं की खुफिया जानकारी जुटा रही थी। सूचना मिली कि एक संगठित गिरोह सरकारी अस्पतालों के लिए निर्धारित दवाओं को अवैध रूप से इकट्ठा कर रहा है। ये दवाएं मूल लेबल हटाकर नए लेबल लगाकर दिल्ली एनसीआर और पूर्वोत्तर राज्यों में बेची जा रही थीं। सूचना मिलने के बाद ड्रग कंट्रोल विभाग के साथ मिलकर एक संयुक्त छापेमारी टीम बनाई गई। टीम ने मुखर्जी नगर स्थित इंद्र विकास कॉलोनी के एक मकान पर छापा मारा। मौके से मनोज कुमार जैन को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में ब्रांडेड दवाएं, सरकारी सप्लाई की दवाएं, नकली दवाएं, पैकेजिंग सामग्री, लेबल और दवाओं की रीपैकेजिंग में इस्तेमाल मशीनें बरामद हुईं।

