कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ता चैंबर निर्माण के लिए जिलाधिकारी ने भेजा प्रस्ताव
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।जनपद अयोध्या के कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला अधिवक्ता चैंबर का निर्माण के संबंध में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने न्याय विभाग प्रमुख सचिव महोदय को प्रस्ताव भेजा है।इसके पहले भी जिलाधिकारी द्वारा चैंबर निर्माण के संबंध में प्रस्ताव प्रमुख सचिव,नियोजन महोदय को भेजा गया था।जिलाधिकारी ने अपने पत्र में बताया है कि वर्तमान में कलेक्ट्रेट परिसर में अधिवक्ताओं को बैठने के लिए पर्याप्त व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के कारण कुछ प्रतिकूल परिस्थितियों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अधिवक्ताओं की लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान के उद्देश्य से दो बहुमंजिला अधिवक्ता चैंबर भवनों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा है।प्रस्तावित योजना के अनुसार कलेक्ट्रेट परिसर में दो ब्लॉक — ब्लॉक-1 एवं ब्लॉक-2 — का निर्माण कराया जाएगा, जो जी+6 मॉडल पर आधारित होंगे।जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने बताया कि इस परियोजना का उद्देश्य अधिवक्ताओं को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराना तथा न्यायिक कार्यों को अधिक व्यवस्थित, सुगम एवं प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का महत्वपूर्ण अंग हैं और उनके लिए मूलभूत सुविधाओं का विकास प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।

