अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर तलवार से केक काटकर युवकों ने किया स्टंट,पुलिस ने की कार्रवाई
(डाक्टर अजय तिवारी जिला संवाददाता)
अयोध्या।जिले में हाईवे पर स्टंटबाजी और यातायात नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाने का मामला सामने आया है।अयोध्या-रायबरेली हाईवे पर कुछ युवकों ने बीच सड़क पर दो गाड़ियां तिरछी खड़ी कर दीं और तलवार से केक काटकर जश्न मनाया।इस दौरान हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही।घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार रात कुछ युवक दो कारों से हाईवे पर पहुंचे थे।दोनों वाहनों पर सफेद नंबर प्लेट लगी हुई थी। युवकों ने बीच सड़क पर गाड़ियां खड़ी कर दीं और फिर एक युवक कार के बोनट पर रखे केक को तलवार से काटने लगा। आसपास मौजूद उसके साथी हूटिंग करते हुए वीडियो बनाते रहे।करीब दस मिनट तक हाईवे पर यह तमाशा चलता रहा, जिससे अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।वीडियो वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हाईवे पर वाहन खड़ा कर जाम लगाना, सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन करना और नियमों के विपरीत नंबर प्लेट का इस्तेमाल करना गंभीर उल्लंघन है।मामले में मोटर व्हीकल एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की जा रही है।सीओ मिल्कीपुर पियूष पाल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर गाड़ियों के नंबर ट्रेस किए गए हैं। जांच के बाद एक कार को सीज कर दिया गया है, जबकि दूसरी गाड़ी का चालान किया गया है।वहीं खंडासा थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सोनकर ने बताया कि जिस वाहन पर युवकों ने स्टंटबाजी की थी उसे कब्जे में ले लिया गया है।पुलिस अब वायरल वीडियो के जरिए युवकों की पहचान कराने में जुटी है।क्षेत्र में चर्चा है कि दोनों वाहन कमर्शियल श्रेणी के बताए जा रहे हैं, लेकिन उन पर सफेद नंबर प्लेट लगाई गई थी।पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है।अधिकारियों के मुताबिक कमर्शियल वाहनों पर पीली नंबर प्लेट अनिवार्य होती है और नियमों के उल्लंघन पर टैक्स चोरी का मामला भी बन सकता है।

